जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 के सकुशल, निष्पक्ष एवं नकलविहीन आयोजन के संबंध में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट को परीक्षा केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 दिनांक 02 एवं 03 जुलाई, 2026 को दो-दो पालियों में तथा 04 जुलाई, 2026 को प्रथम पाली में आयोजित की जाएगी। जनपद में कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के सुचारु एवं निष्पक्ष संचालन हेतु 23 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 23 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 05 आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 08 आरक्षित स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा परीक्षा केंद्रों पर नियुक्त केंद्र अधीक्षकों के दायित्वों एवं जिम्मेदारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर आयोग द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता एवं शुचिता बनाए रखने के साथ-साथ अभ्यर्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना केंद्र अधीक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा हेल्थ बूथ स्थापित किए जाएं, जहां ओआरएस, प्राथमिक उपचार की दवाएं एवं अन्य आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहें। उन्होंने भीषण गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही रेलवे स्टेशन एवं बस स्टेशन सहित प्रमुख स्थानों पर टेंट की व्यवस्था किए जाने तथा सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई एवं मरम्मत कर उन्हें क्रियाशील रखने के निर्देश भी दिए, जिससे बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, पुलिस विभाग के अधिकारी, केंद्राध्यक्ष एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

