नया सवेरा नेटवर्क
खेतासराय, जौनपुर। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खेतासराय पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच वारंटियों और एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव और क्षेत्राधिकारी शाहगंज के पर्यवेक्षण में की गई। खेतासराय पुलिस ने शुक्रवार की दोपहर करीब 12 बजे बताया कि पुलिस ने मानीकलां निवासी शिवपूजन, अमरेथुआ निवासी संजय कुमार, बीबीपुर जमदहां निवासी गुलाब, पोरई खुर्द निवासी रामदुलार तथा खेतासराय कस्बा निवासी विनोद यादव को उनके घरों से गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ विभिन्न मामलों में न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी थे।
इसके अलावा थाना खेतासराय पर दर्ज एक मुकदमे में वांछित चल रहे मानीकलां निवासी मोहम्मद पुत्र अब्दुल सलाम को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
| विज्ञापन |

