नया सवेरा नेटवर्क
मुंगराबादशाहपुर, जौनपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद मुंगरा बादशाहपुर द्वारा वार्ड घौरहरा में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अन्तर्गत 6197 पौधों के वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उक्त अभियान का शुभारम्भ नगर पालिका परिषद मुंगरा बादशाहपुर के अध्यक्ष कपिलमुनि एवं अधिशासी अधिकारी अखिलेश तिवारी द्वारा वृक्षारोपण कर किया गया। जिसमें सभी सभासदगण एवं कमर्चारी उपस्थित रहे। इस मौके पर उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए पालिकाध्यक्ष कपिलमुनि ने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन एवं जनमानस में पर्यावरणीय जागरूकता विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। नगर पालिका परिषद द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वृक्षारोपण कार्य चरणबद्ध रूप से सम्पादित किया जाएगा जिसमे सवा छः हजार वृक्ष रोपित किए जाएंगे।
| Advt |

