₹5 लाख का ऋण प्राप्त कर अनामिका सरोज ने खोला ब्यूटी पार्लर
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। ग्रामीण परिवेश में पली-बढ़ी अनामिका सरोज पुत्री कड़े सरोज निवासिनी कुरनी, समधगंज, मछलीशहर ने स्नातक की शिक्षा पूरी करने के बाद अपने भविष्य को लेकर कई सपने संजोए थे। वह अपने पैरों पर खड़ी होकर परिवार का सहारा बनना चाहती थीं, लेकिन रोजगार की तलाश में किए गए लगातार कई असफल प्रयास ने उन्हें निराशा दिया। समय बीत रहा था और उनके मन में आत्मनिर्भर बनने की चाह और भी प्रबल होती जा रही थी। इसी दौरान उन्हें शासन की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के बारे में जानकारी प्राप्त हुई। यह योजना उनके लिए आशा की एक नई किरण बनकर सामने आई। उन्होंने योजना के अंतर्गत आवेदन किया और जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, जौनपुर के सहयोग से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, शाखा मछलीशहर से ₹5 लाख का ऋण प्राप्त किया।
इस आर्थिक सहायता ने उनके सपनों को नई उड़ान दी। उन्होंने अपना ब्यूटी पार्लर स्थापित किया और पूरी लगन एवं मेहनत से अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाया। आज अनामिका न केवल आत्मनिर्भर हैं, बल्कि दो अन्य महिलाओं को भी रोजगार उपलब्ध कराकर उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे रही हैं। जो युवती कभी रोजगार की तलाश में भटक रही थी, वही आज दूसरों के लिए रोजगार का माध्यम बन चुकी है। उनके चेहरे की मुस्कान और आत्मविश्वास इस बात का प्रमाण हैं कि सही अवसर और सरकारी सहयोग मिलने पर कोई भी सपना अधूरा नहीं रहता।
इसी क्रम में योजना के लाभार्थी राज कुमार सिंह पुत्र महेंद्र प्रताप सिंह निवासी नौरंगाबाद, गजेंद्रपुर, जौनपुर ने भी अपने अनुभवों को साझा किया है। राज कुमार सिंह ने स्नातक की शिक्षा पूरी करने के बाद एक बेहतर भविष्य का सपना देखा था। वह अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में हाथ बंटाना चाहते थे, लेकिन रोजगार के सीमित अवसरों के कारण उन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिल रही थी। कई बार परिस्थितियां उन्हें निराश करती थीं, फिर भी उन्होंने हार नहीं मानी। इसी दौरान उन्हें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना (सी०एम० युवा) के बारे में जानकारी मिली। उन्होंने योजना में आवेदन किया और जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, जौनपुर के मार्गदर्शन में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, शाखा पट्टीनरेन्द्रपुर से ₹5 लाख का ऋण प्राप्त किया।
इस सहायता से उन्होंने अपना स्वरोजगार स्थापित किया और अपने जीवन की नई शुरुआत की। मेहनत, समर्पण और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने अपने व्यवसाय को सफल बनाया। आज वे न केवल स्वयं सम्मानजनक आजीविका अर्जित कर रहे हैं, बल्कि दो अन्य युवाओं को भी रोजगार देकर उनके जीवन में उम्मीद की नई रोशनी जगा रहे हैं। राज कुमार की यह यात्रा इस बात का उदाहरण है कि यदि संकल्प मजबूत हो और सही समय पर सहयोग मिल जाए, तो कठिन से कठिन परिस्थितियों को भी सफलता में बदला जा सकता है।
आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना केवल वित्तीय सहायता प्रदान करने वाली योजना नहीं है, बल्कि यह युवाओं के सपनों को साकार करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का एक सशक्त माध्यम है। अनामिका सरोज और राज कुमार सिंह जैसे लाभार्थियों की कहानियां इस योजना की सफलता का जीवंत प्रमाण हैं। आज ये दोनों युवा न केवल अपने जीवन को नई दिशा दे रहे हैं, बल्कि समाज में रोजगार सृजन कर अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा बन रहे हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि जब सरकार की योजनाएं सही पात्रों तक पहुंचती हैं, तो वे केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य बदल सकती हैं।
![]() |
| विज्ञापन |



0 टिप्पणियाँ