Jaunpur : युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, हालत गम्भीर

राकेश शर्मा @ खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के अमरेथुआ गाँव में शराब पीने से मना करना एक युवक को भारी पड़ गया। दबंगों ने मंगलवार रात युवक पर चाकू से हमला कर उसे गम्भीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। वहीं पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घण्टे के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार उक्त निवासी संदीप राजभर अपने भाई पूर्व प्रधान चंद्रशेखर के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनके घर के पास स्थित पंचायत भवन पर आधा दर्जन लोग बैठकर शराब पी रहे थे। संदीप और उनके भाई ने इसका विरोध किया जिस पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर मनबढ़ युवकों ने संदीप पर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। हमले में संदीप गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गये जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
परिजन तत्काल घायल को जिला अस्पताल ले गये जहां हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने वाराणसी ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि चाकू पेट में फंसा होने के कारण उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी हैं और कुछ लोग इसे पुरानी चुनावी रंजिश से जोड़कर देख रहे हैं। घटना के बाद घायल की भाभी सुनीता देवी ने आधा दर्जन लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।

24 घण्टे में पुलिस का एक्शन, सभी आरोपी गिरफ्तार
थाना पुलिस ने मामले को गम्भीरता से लेते हुए नामजद सभी 5 आरोपी सचिन राजभर, विकास राजभर उर्फ भोलू, विकास राजभर उर्फ विकेश, आदित्य राजभर और अमर राजभर उर्फ गोरे लाल को घटना के 24 घण्टे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि आरोपियों को सोंगर पुलिया के पास से पकड़ा गया, जब वे भागने की फिराक में थे। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है।

Post a Comment

0 Comments