Jaunpur : ​संदिग्ध हालात में विवाहिता की हुई मौत, घर के अन्दर फंदे से लटका मिला शव

Team NSN

मड़ियाहूं, जौनपुर। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के महेवा फत्तूपुर गांव में गुरुवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव उसके ही घर के अंदर साड़ी के फंदे से लटका मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी राधिका (32) पत्नी जटाशंकर गौतम के घर का दरवाजा गुरुवार सुबह करीब 9 बजे तक नहीं खुला। काफी देर तक कोई हलचल न होने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। कई बार आवाज देने के बावजूद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़ दिया।
दरवाजा खुलते ही अंदर का दृश्य देखकर सभी दंग रह गए। राधिका साड़ी के सहारे फंदे से लटकी हुई थी। घटना के बाद परिजन व ग्रामीण उसे तत्काल अस्पताल ले गये जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतका का मायका वाराणसी जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के बेलवा गांव में है। उसके दो बच्चे हैं जो वर्तमान में ननिहाल में रह रहे हैं जबकि उसका पति मुंबई में रहकर मजदूरी करता है।
घटना की सूचना मिलते ही नेवढ़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष राजाराम द्विवेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा और आगे की विधिक कार्रवाई की जायेगी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!