Jaunpur : ​विधवा ने लगाया कब्जे का आरोप, पुलिस ने बताया निराधार

Team NSN

राकेश शर्मा @ खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के सरवरपुर वार्ड निवासी विधवा शीला देवी ने क्षेत्र के कुछ लोगों पर उनकी सरसों की फसल जबरन काटने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि उनकी पुश्तैनी जमीन को लेकर बीते करीब 20 वर्षों से न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। इसके बावजूद दबंगों ने खेत में खड़ी फसल काट ली। विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई।
शीला देवी ने पुलिस पर भी मिलीभगत का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
वहीं थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने आरोपों को सिरे से खारिज किया। साथ ही बताया कि बीते वर्ष एसडीएम के आदेश पर राजस्व विभाग की टीम द्वारा संबंधित भूमि पर विपक्षी पक्ष को कब्जा दिलाया गया था। पुलिस के अनुसार, जिस पक्ष ने फसल बोई थी, उसी ने कटाई की है और मामले में किसी प्रकार की अवैध कार्रवाई नहीं हुई है।
भूमि विवाद का मामला न्यायालय में लंबित होने के बीच फसल कटाई को लेकर दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!