सिकरारा, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के श्री कृष्णा इंटर कॉलेज मीरगंज कुंवरदा से जुड़ी एक गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. ईश्वर लाल यादव के पुत्र राहुल यादव ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (PCS) परीक्षा में सफलता प्राप्त करते हुये नायब तहसीलदार के पद पर चयन हासिल किया है। राहुल की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गौरव का माहौल व्याप्त है।
बता दें कि राहुल बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं जिन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सेंट पैट्रिक स्कूल से प्राप्त की जिसके बाद उच्च शिक्षा के दौरान सिविल सेवा की तैयारी शुरू की। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर यह सफलता अर्जित की। उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।राहुल के पिता डॉ. ईश्वर लाल यादव स्वयं शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित नाम हैं जिन्होंने अपने पुत्र की इस सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है। राहुल ने हमेशा अपने लक्ष्य को प्राथमिकता दी और कठिन परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी।
राहुल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और मित्रों को देते हुए कहा कि निरंतर मेहनत, सही मार्गदर्शन और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है। वहीं युवाओं को संदेश दिया कि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें और असफलताओं से घबराए बिना लगातार प्रयास करते रहें। राहुल की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जौनपुर जिले के लिये गर्व का विषय बन गयी है।
0 Comments