Jaunpur : ​रामपुर में दो पहिया वाहनों की हुई सघन चेकिंग, नियम तोड़ने वालों पर हुई कार्यवाही

Team NSN

सोनू गुप्ता @ रामपुर, जौनपुर। स्थानीय नगर पंचायत में स्थित बरसठी तिराहे पर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने एवं सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से रामपुर थाना पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान थाना प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में संचालित किया गया।
इस दौरान पुलिस टीम ने दो पहिया वाहनों को रोककर गहन जांच-पड़ताल की। विशेष रूप से बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों, तीन सवारी बैठाकर चलने वाले बाइक चालकों तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखी गई। कई वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के कागजात एवं नंबर प्लेट की जांच की गई।
नियमों का उल्लंघन करते पाए गए वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई जबकि कुछ लोगों को सख्त चेतावनी देकर छोड़ा गया। थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, अपराध व संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है।
उन्होंने दो पहिया वाहन चालकों से अपील की कि वे अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर वाहन चलाएं, दो से अधिक सवारी न बैठाएं तथा सभी आवश्यक कागजात साथ रखें। अभियान के दौरान पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहा। अचानक चले इस चेकिंग अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति देखी गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के सघन चेकिंग अभियान समय-समय पर जारी रहेंगे, ताकि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित हो और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!