नया सबेरा नेटवर्क
करंजाकला,जौनपुर। स्थानीय ब्लॉक के दक्षिणपट्टी गांव के ग्रामीणों ने गांव के कोटेदार पर भ्रष्टाचार व राशन वितरण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा से जॉच कराकर कोटेदार का लाइसेन्स रद्द करने की मांग की। मंगलवार को उक्त गांव के महिला व पुरूष छोटेलाल गौतम पुत्र बिरजू के नेतृत्व में शिकायत से सम्बन्धित ज्ञापन डीएम मनीष कुमार वर्मा को सौंपते हुए बताया कि गांव के कोटेदार हुसैन बानो हैं। किन्तु राशन उठान से लेकर वितरण सम्बन्धी सभी कार्य इनके पति अबुल कासिम उर्फ शादाब द्वारा किया जाता है। इस कोटेदार के कार्य-व्यवहार से सभी ग्रामीण परेशान हैं, इसलिए इनके राशन वितरण की दुकान का लाइसेन्स रद्द किया जाये। 145 राशन कार्ड धारकों से हस्ताक्षरित ज्ञापन में कहा गया कि कोटेदार द्वारा चीनी का दाम निर्धारित रेट से ज्यादा वसूला जा रहा है। हर राशन कार्ड पर 2 से 4 किलो राशन कम तौला जाता है। नवम्बर 2021 के महीने में दो से चार किलो तक राशन कम दिये गये हैं, जिसका प्रमाण स्वरूप वीडियों उपलब्ध है। अन्त्योदय राशन कार्ड धारकों हेतु राशन का दाम 85 रूपये निर्धारित है किन्तु इस कोटेदार के द्वारा 100 रूपये वसूला जाता है। पात्र गृहस्थी के कार्ड धारकों से भी ज्यादा पैसा लिया जाता है। इस कोटेदार द्वारा गांव के अधिकतर लोगों का राशन कार्ड अपने पास रखा हुआ है।
from Naya Sabera | नया सबेरा - No.1 Hindi News Portal Of Jaunpur (U.P.) https://ift.tt/3njGoZy
from NayaSabera.com