अंकित जायसवाल
जौनपुर। आधी आबादी, पूरा टक्कर। जी हां महिलाएं अब पुरूषों से हर मामले में आगे निकल रही हैं। वो मां, बहन, पत्नी, बेटी आदि का किरदार तो बखूबी से निभातीं हैं लेकिन अब समाज के लिए भी वह पुरूषों से दो हाथ आगे ही चल रही हैं। कुछ ऐसा ही हुआ मल्हनी विधानसभा के उपचुनाव में। यहां पर महिलाओं ने अपने नये विधायक को चुनने के लिए न सिर्फ मतदान किया बल्कि पुरूषों से अधिक वोट डालकर यह बता दिया कि अब लोकतंत्र के महापर्व में भी वह पुरूषों से पीछे नहीं हैं।
गौरतलब हो कि मल्हनी विधानसभा में कुल 16 प्रत्याशी मैदान में हैं। तीन नवम्बर मंगलवार को प्रात: 7 बजे से सायं 6 बजे तक 238 मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ। 554 मतदेय स्थल, 372 मूल मतदेय स्थल, 182 सहायक मतदेय स्थल बनाये गये थे। मल्हनी में कुल मतदाता 3,65,013 हैं जिसमें 1,90,563 पुरुष और 1,74,431 महिला व 19 अन्य मतदाता हैं। इसमें महिलाओं ने शानदार वोटिंग की और 58.73% महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया जबकि पुरूष इस मामले में पीछे रह गये। 55.52% पुरूषों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। डीएम डीके सिंह ने बुधवार की सुबह बताया कि 57.05% प्रतिशत कुल मतदान हुआ। उन्होंने लोकतंत्र के इस महापर्व में महिलाओं की अहम भूमिका पर हर्ष व्यक्त किया।
विदित हो कि मल्हनी को उसका विधायक 10 नवम्बर मंगलवार को होने वाली मतगणना के बाद मिल जाएगा। कृषि उत्पादन मण्डी समिति शीतला चौकियां में प्रात: 8 बजे से मतगणना होगी।
from NayaSabera.com
0 Comments