जनपद स्तरीय 48वीं बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक समारोह का भव्य शुभारंभ, बच्चों ने किया आकर्षक मार्च पास्ट
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। बेसिक शिक्षा विभाग जौनपुर के तत्वावधान में जनपद स्तरीय दो दिवसीय 48वीं बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक समारोह का गुरुवार को बीआरपी इंटर कॉलेज के मैदान में भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने ध्वजारोहण, मशाल प्रज्ज्वलन तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन समारोह में जनपद के विभिन्न विकास खंडों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिवादन किया। बच्चों के उत्साह और अनुशासन ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि गिरीश चंद्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह संवेदनशील है। सरकार की ओर से प्रत्येक विद्यालय में 45 मिनट का खेल अनिवार्य किया गया है, ताकि बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलकूद के लिए भी पर्याप्त अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि खेलकूद से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित होता है। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल भी बेहद जरूरी हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में जनपद के सभी विकास खंडों से चयनित बालक एवं बालिका प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, खो-खो, दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, चक्का फेंक सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। वहीं लोकगीत, लोकनृत्य, समूह गान, नाटक सहित विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी बच्चे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग का उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़कर उनके व्यक्तित्व का समग्र विकास करना है। ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करती हैं और उनमें प्रतिस्पर्धा के साथ आपसी सहयोग की भावना भी विकसित करती हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। दर्शकों ने भी बच्चों की खेल प्रतिभा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना की। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता टीमों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जनपद के विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों का चयन किया जाएगा। इस अवसर पर सभी जिला समन्वयक, खंड शिक्षा अधिकारी, बसंत शुक्ला, अजय कुमार, विंध्यवासिनी उपाध्याय, शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी, एसआरजी, एआरपी, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन खंड शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र पटेल, शैलेश चतुर्वेदी एवं नूपुर श्रीवास्तव ने किया।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का मतदाता सूची में जुड़वाएं नाम : नगर मजिस्ट्रेट
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel

,%20%E0%A4%A8%E0%A4%88%E0%A4%97%E0%A4%82%E0%A4%9C%20%E0%A4%A4%E0%A4%BF%E0%A4%B0%E0%A4%BE%E0%A4%B9%E0%A4%BE,%20%E0%A4%9C%E0%A5%8C%E0%A4%A8%E0%A4%AA%E0%A5%81%E0%A4%B0%20%20%E0%A4%AB%E0%A5%8B%E0%A4%A8%20%E0%A4%A80%207355%20358194,%2005452-356555.jpg)