देव दीपावली पर भोजपुरी गायक ने भजनों से बांधा समां, कृष्णा ग्रुप की आकर्षक झांकियों और नृत्य प्रस्तुतियों ने मोहा मन
विपिन सैनी @ नया सवेरा
जौनपुर। शीतला चौकियां धाम की महिमा का गुणगान करते हुए भाजपा सांसद, भोजपुरी गायक एवं अभिनेता मनोज तिवारी मृदुल ने अपने लोकप्रिय गीत ‘माई तोहरे दुआरिया के महिमा जानत सारा संसार’ की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। देव दीपावली के पावन अवसर पर मंगलवार देर रात आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे मनोज तिवारी ने अपनी गायकी से समां बांध दिया।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद मंदिर के कपाट बंद होने के कारण उन्होंने मां शीतला के द्वार पर शीश झुकाकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद सीधे मंच पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि शीतला चौकियां धाम की पावन धरती का वह ऋण कभी नहीं भूल सकते। इसी धाम ने उन्हें देशभर में पहचान और सम्मान दिलाया है। उन्होंने कहा कि वह इस पवित्र धरती के सदैव ऋणी रहेंगे। मां शीतला की महिमा के प्रति उनकी श्रद्धा और भाव उनके संबोधन में साफ नजर आए।
इससे पहले 51 हजार दीपों और आकर्षक झालरों की रोशनी से शीतला चौकियां सरोवर जगमगा उठा। मां शीतला के भव्य श्रृंगार के दर्शन करने और दीपोत्सव की छटा निहारने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।
कृष्णा ग्रुप की झांकियों ने मोहा मन
शाम छह बजे से सरोवर किनारे बने मंच पर कृष्णा ग्रुप के कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने एक से बढ़कर एक आकर्षक झांकियां और नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘राधा तेरी चुनरी है लाल लाल रे’ और ‘ओ राधा, ओ राधा, तू है किसकी दीवानी’ जैसे गीतों पर कलाकारों की प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरीं। देव दीपावली के अवसर पर भक्ति, संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से पूरा चौकियां धाम भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: 51 हजार दीपों की रोशनी से जगमगाया मां शीतला धाम, दिखा अद्भुत और अलौकिक नजारा
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel


