नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश गिरीश चंद्र यादव ने डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत ख्वासपुर स्थित मूर्ति विकास स्थल पर आयोजित शिलान्यास एवं पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी सुना गया। कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने बाबा साहेब के आदर्शों और विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संविधान में निहित समानता, सामाजिक न्याय और बंधुत्व के मूल्य समाज को एकजुट करने तथा समतामूलक समाज के निर्माण की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया और संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने की शपथ ली। सभी ने देश को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने तथा नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और अवसर की समानता सुनिश्चित करने वाले संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लिया। साथ ही प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा, राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने और बंधुत्व की भावना को बढ़ावा देने की शपथ ली गई।
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. बी.आर. आंबेडकर का जीवन संघर्ष, शिक्षा, समानता और सामाजिक समरसता की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और समानता आधारित समाज के निर्माण की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: ट्रक के पीछे भिड़ी अपाचे बाइक, एक युवक की मौके पर मौत
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel

