तेलंगाना बिहार सहयोग समिति ने किया आयोजन, नीदरलैंड से पहुंचे अमित ने पत्नी संग दिया अर्घ्य
नया सवेरा नेटवर्क
हैदराबाद। तेलंगाना बिहार सहयोग समिति की ओर से बंडा चेरु, लालवानी नगर, आनंद बाग में छठ महापर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। चार दिवसीय इस महापर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड के श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। छठ घाट पर भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
समिति के अध्यक्ष बिनय कुमार यादव ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी समिति की ओर से छठ पूजा का आयोजन किया गया। पर्व के पहले अर्घ्य के दिन व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। वहीं, सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य देव और छठी मैया के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
इस आयोजन का विशेष आकर्षण नीदरलैंड से पहुंचे अधिकारी अमित और उनकी पत्नी रहे। उन्होंने भी छठ घाट पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। सात समंदर पार से आए श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया। इस अवसर पर मलकाजगिरी के विधायक श्री राजशेखर रेड्डी, बिनायक नगर की कॉरपोरेटर राजलक्ष्मी, मलकाजगिरी के कॉरपोरेटर सरवन कुमार और रेलवे अधिकारी शकील सर भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में नॉर्थ पीपुल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राज नारायण सिंह, जन सेवा संघ के छठ प्रभारी अजय कुमार सिंह, अविनाश, योगेंद्र वर्मा, मनोज यादव, पंकज यादव, दिनेश यादव, गोपाल, दीपक गुप्ता, गुलशन, प्राण, नीरज, श्रीकांत, विकास, धीरज, अरविंद, लालू, सतीश, सुनील ठाकुर, ललन मिश्रा, सुनील भगत और मनोज भगत समेत बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड के अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए।
तेलंगाना बिहार सहयोग समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए बिहार का पारंपरिक ठेकुआ प्रसाद वितरित किया गया। वहीं, सागर भगत की ओर से लोगों के लिए चाय की व्यवस्था की गई। समिति के सदस्यों और स्थानीय श्रद्धालुओं के सहयोग से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर अध्यक्ष बिनय कुमार यादव ने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का भी माध्यम है। हैदराबाद में आयोजित इस पर्व ने बिहार और तेलंगाना के बीच सांस्कृतिक एकता तथा सामाजिक सौहार्द की भावना को और मजबूत किया।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: पारिवारिक विवाद को लेकर युवक ने ट्रेन से कटकर दी जान
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel

,%20%E0%A4%A8%E0%A4%88%E0%A4%97%E0%A4%82%E0%A4%9C%20%E0%A4%A4%E0%A4%BF%E0%A4%B0%E0%A4%BE%E0%A4%B9%E0%A4%BE,%20%E0%A4%9C%E0%A5%8C%E0%A4%A8%E0%A4%AA%E0%A5%81%E0%A4%B0%20%20%E0%A4%AB%E0%A5%8B%E0%A4%A8%20%E0%A4%A80%207355%20358194,%2005452-356555.jpg)