तीन साल की नित्या SMA टाइप-2 दुर्लभ बीमारी से पीड़ित
समय पर इलाज के लिए सरकार और समाजसेवियों से मदद की अपील
विपिन सैनी @ नया सवेरा
चौकियां धाम, जौनपुर। अपनी तीन साल की मासूम बेटी की जान बचाने की उम्मीद लेकर माता-पिता मां शीतला के दरबार पहुंचे। बेटी के इलाज के लिए 12 करोड़ रुपये की जरूरत है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार इतनी बड़ी रकम जुटाने में असमर्थ है। ऐसे में दंपति ने मां शीतला के दरबार में मत्था टेककर बेटी के स्वस्थ होने की मन्नत मांगी और लोगों से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। मंदिर समिति के सदस्यों और वहां मौजूद कई दर्शनार्थियों ने दंपति को ढांढस बंधाया और अपनी ओर से आर्थिक मदद भी दी।
जलालपुर क्षेत्र के सई नदी महिमापुर निवासी धर्मेंद्र कुमार सरोज की तीन साल एक माह की बेटी नित्या सरोज स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी (एसएमए) टाइप-2 नामक दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है। परिजनों के मुताबिक, डॉक्टरों ने समय रहते इलाज कराने की सलाह दी है। बच्ची के उपचार के लिए महंगे जीन थेरेपी इंजेक्शन की जरूरत बताई गई है।
जन्म के कुछ महीने बाद दिखने लगी थी कमजोरी
नित्या के पिता धर्मेंद्र कुमार सरोज ने बताया कि जन्म के कुछ महीने बाद ही बेटी के शरीर में कमजोरी दिखाई देने लगी थी। उसे बैठने और खड़े होने में परेशानी होने लगी। शुरुआत में परिवार ने कई निजी चिकित्सकों से उपचार कराया, लेकिन बच्ची की स्थिति को देखते हुए उसे लखनऊ के वेदांता अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने विस्तृत जांच कराने की सलाह दी।
इसके बाद परिजन नित्या को दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) लेकर पहुंचे। वहां विस्तृत जांच और आनुवंशिक परीक्षण के बाद बच्ची में एसएमए टाइप-2 बीमारी की पुष्टि हुई। परिजनों के अनुसार, चिकित्सकों ने बताया कि इस बीमारी में मांसपेशियां धीरे-धीरे कमजोर होती जाती हैं, जिससे बच्चे की शारीरिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं।
12 करोड़ रुपये के इंजेक्शन की जरूरत
परिवार के मुताबिक, नित्या के इलाज के लिए जोल्जेन्स्मा (Zolgensma) जीन थेरेपी इंजेक्शन की जरूरत बताई गई है। इसकी कीमत करीब 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इतनी बड़ी रकम जुटाना सामान्य आर्थिक स्थिति वाले परिवार के लिए बेहद मुश्किल है। परिजनों का कहना है कि बच्ची का वजन 13 किलोग्राम होने से पहले इंजेक्शन लगवाना जरूरी बताया गया है। इसी वजह से परिवार समय रहते इलाज के लिए आर्थिक सहायता जुटाने की कोशिश कर रहा है।
परिवार ने सरकार, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और आम लोगों से मदद की अपील की है। परिजनों के अनुसार, केंद्र सरकार कुछ विशेष परिस्थितियों में ऐसे जीवनरक्षक इंजेक्शनों पर सीमा शुल्क में राहत देती है। वहीं, अन्य स्थानों पर जनसहयोग और सामूहिक आर्थिक सहायता के माध्यम से गंभीर बीमारियों से पीड़ित बच्चों के इलाज के लिए धन जुटाया गया है।
मंदिर में मिली आर्थिक सहायता, लोगों से आगे आने की अपील
बेटी के उपचार की उम्मीद लेकर मां शीतला के दरबार पहुंचे दंपति को मंदिर समिति के सदस्यों ने भरोसा दिलाया। मंदिर परिवार और वहां मौजूद कई दर्शनार्थियों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार आर्थिक सहायता भी प्रदान की। मंदिर से जुड़े लोगों ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए बच्ची के बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।
नित्या के परिवार की स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से आगे आकर मदद करने की अपील की है। परिवार को उम्मीद है कि सामूहिक प्रयासों से इलाज के लिए जरूरी धनराशि जुटाई जा सकेगी और नित्या को समय पर उपचार मिल सकेगा।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: रामपुर में 10 वर्षीय बालक के अपहरण का सहआरोपित गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel

