पंचायत भवन के पास घायल मिले युवक ने अस्पताल में तोड़ा दम, कई संदिग्ध हिरासत में
विनोद कुमार @ नया सवेरा
केराकत, जौनपुर। केराकत थाना क्षेत्र के बलईपुर पतीला गांव में सोमवार की रात अज्ञात बदमाशों ने हिस्ट्रीशीटर गुलाब पाल (30) पुत्र पतिराम पाल की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी हिरेंद्र सिंह और प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र पाण्डेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल गुलाब पाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तेरहवीं से लौटने के बाद घर से निकला था गुलाब
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम गांव में आयोजित एक तेरहवीं कार्यक्रम में गुलाब पाल अपने पिता के साथ शामिल हुआ था। घर लौटने के बाद वह मोटरसाइकिल लेकर यह कहकर निकला कि जल्द वापस आ जाएगा। देर रात तक उसके नहीं लौटने पर परिजन चिंतित थे। इसी बीच रात करीब एक बजे उन्हें सूचना मिली कि गुलाब पंचायत भवन के पास घायल अवस्था में पड़ा है।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद डायल 112 पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
मृतक के खिलाफ दर्ज थे कई आपराधिक मुकदमे
क्षेत्राधिकारी हिरेंद्र सिंह ने बताया कि गुलाब पाल केराकत थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ करीब एक दर्जन संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज थे। गांव में भी उसकी कई लोगों से दुश्मनी बताई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
घटनास्थल पर फोरेंसिक और सर्विलांस टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस परिजनों से तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: शारदीय नवराात्रि में मां दक्षिणा काली मंदिर में उमड़ रही है दर्शनार्थियों की भारी भीड़
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel
