नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर अदिति मनोविकास केंद्र, जौनपुर द्वारा बच्चों, माताओं और परिवारों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, सकारात्मक पारिवारिक वातावरण तथा बच्चों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एवं केंद्र की संस्थापक डॉ. साधना मौर्या,मनोवैज्ञानिक ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य, शारीरिक स्वास्थ्य का अभिन्न अंग है। तनाव, चिंता, अवसाद तथा भावनात्मक समस्याओं को नजरअंदाज करने के बजाय समय पर मनोवैज्ञानिक परामर्श लेना चाहिए। मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं किसी भी उम्र के व्यक्ति को प्रभावित कर सकती हैं।
उन्होंने विशेष रूप से न्यूरोटिपिकल बच्चों और उनकी माताओं के मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि बच्चों का भावनात्मक विकास पारिवारिक वातावरण, माता-पिता के व्यवहार और आपसी संबंधों से गहराई से प्रभावित होता है। बच्चों की परवरिश के दौरान माताओं पर कई जिम्मेदारियां और मानसिक दबाव होते हैं। इसलिए माताओं के लिए भी अपने मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना, तनाव का प्रबंधन करना और आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ की सहायता लेना जरूरी है।
कार्यक्रम में माता-पिता को बच्चों की भावनाओं को समझने, उनकी बात धैर्यपूर्वक सुनने और उनके साथ सकारात्मक संवाद स्थापित करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, बच्चों के पालन-पोषण में प्रेम, अनुशासन और सहयोग के बीच संतुलन बनाए रखने तथा पारिवारिक जिम्मेदारियों को साझा करने पर जोर दिया गया, ताकि परिवार का जीवन अधिक सहज और तनावमुक्त बन सके।
इस अवसर पर अपने मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और आस-पड़ोस के लोगों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील रहने, एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने और जरूरतमंद लोगों को सहयोग देने के महत्व पर भी चर्चा की गई। डॉ. मौर्या ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं को कमजोरी या सामाजिक कलंक के रूप में नहीं देखना चाहिए। समय पर उचित मार्गदर्शन, भावनात्मक सहयोग और मनोवैज्ञानिक परामर्श से व्यक्ति के जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाया जा सकता है।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश था कि स्वस्थ बच्चा, सशक्त माता-पिता, सहयोगी परिवार और संवेदनशील समाज ही बेहतर मानसिक स्वास्थ्य की आधारशिला हैं।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए मतदान अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel


,%20%E0%A4%A8%E0%A4%88%E0%A4%97%E0%A4%82%E0%A4%9C%20%E0%A4%A4%E0%A4%BF%E0%A4%B0%E0%A4%BE%E0%A4%B9%E0%A4%BE,%20%E0%A4%9C%E0%A5%8C%E0%A4%A8%E0%A4%AA%E0%A5%81%E0%A4%B0%20%20%E0%A4%AB%E0%A5%8B%E0%A4%A8%20%E0%A4%A80%207355%20358194,%2005452-356555.jpg)