नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान चलाया जा रहा है। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 से 31 अक्टूबर 2026 तक तथा दस्तक अभियान 12 से 31 अक्टूबर तक संचालित किया जा रहा है। इसके तहत पशुपालन विभाग की टीमें सूकर पालकों को रोगों से बचाव और साफ-सफाई के प्रति जागरूक कर रही हैं।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत पशुपालन विभाग की प्रमुख भूमिका पशुओं से मनुष्यों में फैलने वाले जूनोटिक रोगों और मच्छर एवं अन्य वाहकों से फैलने वाले रोगों की रोकथाम करना है। वर्तमान में जनपद के 219 गांवों में 475 सूकर पालक हैं। इनका माइक्रोप्लान के अनुसार नियमित संवेदीकरण किया जा रहा है।
अभियान के तहत सूकर बाड़ों को घनी आबादी वाले क्षेत्रों से दूर स्थापित कराने, सूकर पालन स्थलों और आसपास मच्छरों एवं कीटों की रोकथाम के लिए नियमित कीटनाशक छिड़काव कराने तथा साफ-सफाई बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही पशुपालकों को जलभराव रोकने और संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
पशुओं और उनके आसपास के परिसरों में संक्रमण की रोकथाम के लिए कृमिनाशक दवाओं के उपयोग संबंधी जानकारी तथा बचाव से जुड़े पंपलेट और पोस्टर भी वितरित किए जा रहे हैं।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि इन प्रयासों का उद्देश्य जापानी इंसेफेलाइटिस (जेई) सहित अन्य वाहक जनित रोगों के खतरे को कम करना और जनपद में रोगों की रोकथाम के लिए लोगों को जागरूक करना है।
यह भी पढ़ें | Azamgarh News: मिशन शक्ति और साइबर जागरूकता अभियान में छात्राओं को बताए सुरक्षा के उपाय
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel


