प्रेम-प्रसंग की चर्चा, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
खुटहन, जौनपुर। सुइथाखुर्द गांव में शुक्रवार की रात 18 वर्षीय युवती रेखा पुत्री स्व राम सजन पासवान का शव घर के कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही स्वजन में कोहराम मच गया। ग्रामीणों में घटना के पीछे प्रेम-प्रसंग की चर्चा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतका की मां अनारा देवी के अनुसार, वह शुक्रवार को खेत में काम करने गई थी। शाम को अंधेरा होने पर घर लौटी तो रेखा दिखाई नहीं दी। कुछ देर बाद कमरे में पहुंची तो बेटी का शव फंदे से लटका देख उनकी चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
रेखा के पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। उसके दो भाई हैं। बड़ा भाई शहर में रहकर कमाता है, जबकि छोटा भाई ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता है।
मां ने पुलिस को बताया कि रेखा करीब एक वर्ष से एक युवक से मोबाइल फोन पर अक्सर बातचीत करती थी। उसके अनुसार, शुक्रवार को फोन पर किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी के बाद रेखा ने आत्मघाती कदम उठाया। मां ने युवक का नाम व जाति पुलिस को बताई है, हालांकि वह किस गांव का रहने वाला है, इसकी जानकारी नहीं है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर घटना की जांच कर रही है।