मड़ियाहूं। यूजीसी और आरक्षण तथा एससी-एसटी एक्ट में संशोधन की मांग को लेकर शनिवार को जमालापुर में सवर्ण समाज की महापंचायत आयोजित की गई। महापंचायत के बाद संतोष दुबे, मनीष सिंह क्रांति और प्रवीण के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में लोग नारेबाजी करते हुए मड़ियाहूं तहसील परिसर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने उप जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरना देकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई। इस दौरान हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया।
धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सवर्ण विधायकों और सांसदों के विरुद्ध भी नारेबाजी की। वक्ताओं ने कहा कि समाज की विभिन्न मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने अपनी चार सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी मड़ियाहूं अजय कुमार उपाध्याय को सौंपा।
धरने के दौरान तहसील परिसर में काफी संख्या में लोग मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी तैनात रहा। प्रदर्शन में रतन दीप उपाध्याय, मिंटू सिंह, अनुराग मिश्रा, उधम सिंह, स्वतंत्र मिश्रा समेत बड़ी संख्या में सवर्ण समाज के लोग शामिल रहे।