भाजपा बरसठी मंडल की तिरंगा पदयात्रा में 500 से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल, तीन किमी तक गूंजे देशभक्ति के नारे
बरसठी, जौनपुर। हाथों में तिरंगा और स्कूल की वर्दी में कदमताल करते बच्चे। आगे महिलाओं की टोली और पीछे भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता व क्षेत्रवासी। डीजे पर देशभक्ति के गीत और चिलचिलाती धूप के बीच बुधवार को भन्नौर स्टेशन रोड से निकली तिरंगा पदयात्रा में ऐसा ही नजारा देखने को मिला। भाजपा बरसठी मंडल की ओर से हर घर तिरंगा अभियान के तहत भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर निकली करीब तीन किलोमीटर लंबी पदयात्रा में चार विद्यालयों के 500 से अधिक छात्र-छात्राओं समेत सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। यात्रा को पूरा होने में करीब चार घंटे लगे। पदयात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व सांसद बीपी सरोज ने किया। यात्रा में सबसे आगे महिलाओं की टोली रही, जिसका नेतृत्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष मीना पटेल ने किया। इसके पीछे गणेश विद्यापीठ, नेशनल कॉन्वेंट स्कूल, श्रीमती जानकी रामपाल महाविद्यालय और सन रेज इंग्लिश मीडियम स्कूल के छात्र-छात्राएं स्कूल ड्रेस में हाथों में तिरंगा लेकर चलते रहे। बच्चों के पीछे भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी शामिल रहे। यात्रा का काफिला जैसे-जैसे आगे बढ़ता गया, सड़क पर तिरंगों की कतार लंबी होती गई। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के गगनभेदी नारों से यात्रा का मार्ग गूंजता रहा। भीषण उमसभरी गर्मी और चिलचिलाती धूप के बावजूद पदयात्रा में शामिल लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ।
रास्ते में जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। कई स्थानों पर माल्यार्पण और पुष्पवर्षा कर बच्चों व पदयात्रियों का स्वागत किया गया। तिरंगा थामे बच्चों की लंबी कतार और पीछे चलता लोगों का काफिला यात्रा का प्रमुख आकर्षण रहा। करीब चार घंटे बाद पदयात्रा बरसठी बाजार पहुंची। यहां सबसे पहले डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद पदयात्रा नरसिंह भगवान मंदिर परिसर पहुंची, जहां राष्ट्रगान के साथ यात्रा का समापन हुआ। मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व सांसद बीपी सरोज ने कहा कि बच्चों में देशभक्ति के साथ संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों की भावना विकसित करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि तेज धूप के बावजूद छात्र-छात्राओं, युवाओं और कार्यकर्ताओं ने जिस उत्साह के साथ पदयात्रा में भाग लिया, वह देश के प्रति उनके जज्बे को दर्शाता है। वहीं विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। बच्चों की बड़ी भागीदारी इस अभियान को नई पीढ़ी से जोड़ने का संदेश देती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष मुकेश सिंह 'बिसेन' ने की। संचालन के.पी मिश्रा ने किया, जबकि संयोजक धीरज शुक्ला रहे। गौरतलब है कि, इससे पूर्व मंगलवार को निगोह मंडल में भी पूर्व मंत्री जगदीश सोनकर के नेतृत्व में करीब दो किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई थी। सुरियावां रोड से शुरू हुई यात्रा भदराव गांव स्थित मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई थी।
यात्रा में हाथों में तिरंगा लिए लोग देशभक्ति के नारे लगाते हुए आगे बढ़े। डीजे और रथ के साथ बड़ी संख्या में दोपहिया व चारपहिया वाहन भी शामिल रहे।कार्यक्रम में बीडीओ जगदीश प्रसाद, भाजपा नेता मनोज सिंह, राजबहादुर सिंह, समाजसेवी अनूप सिंह, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष विशाल शुक्ला, संतोष मिश्रा, हेमराज मिश्र, विनोद पाल, हरिश्चंद्र मौर्या, जितेंद्र दुबे, आशीष शुक्ला समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, प्रधान, बीडीसी, शिक्षक और क्षेत्रवासी शामिल हुए। वही सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव मय फोर्स मौजूद रहे।


,%20%E0%A4%A8%E0%A4%88%E0%A4%97%E0%A4%82%E0%A4%9C%20%E0%A4%A4%E0%A4%BF%E0%A4%B0%E0%A4%BE%E0%A4%B9%E0%A4%BE,%20%E0%A4%9C%E0%A5%8C%E0%A4%A8%E0%A4%AA%E0%A5%81%E0%A4%B0%20%20%E0%A4%AB%E0%A5%8B%E0%A4%A8%20%E0%A4%A80%207355%20358194,%2005452-356555.jpg)