उपचार के दौरान वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम
जलालपुर, जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बाकराबाद बाजार के पास बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल कक्षा छह की छात्रा की उपचार के दौरान वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाकराबाद निवासी मजदूर अरविंद प्रजापति की 11 वर्षीय पुत्री अनुष्का प्रजापति मंगलवार को सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल जलालपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।
गुरुवार को उपचार के दौरान अनुष्का ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अनुष्का तीन बहनों और एक भाई में दूसरे स्थान पर थी। उसके पिता अरविंद प्रजापति और मां सुमन मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटी की मौत से मां सुमन का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पिता अरविंद गहरे सदमे में हैं। घटना से पूरे बाकराबाद गांव में शोक का माहौल है।

%20Affiliated%20%20Kadipur,%20Ramdayalganj,%20Jaunpur%20%20Contact-9956972861,%209956973761.jpg)