चंदवक, जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव के पास आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर शनिवार शाम कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार चाचा की मौत हो गई, जबकि उनका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामला दर्ज कर वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, लाइन बाजार थाना क्षेत्र के चौकिया गांव निवासी 48 वर्षीय जिला जी सोनकर अपने 29 वर्षीय भतीजे नरेश सोनकर के साथ बाइक से वाराणसी जिले के मुनारी बाजार स्थित रिश्तेदार के घर जा रहे थे। शाम करीब सात बजे रामगढ़ गांव स्थित सैय्यद बाबा मजार के पास सामने से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीरीबारी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद जिला जी सोनकर की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल नरेश सोनकर का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।






