Jaunpur News : ग्रीष्मावकाश के बाद तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज में नए सत्र का शुभारंभ, डीआईओएस ने किया औचक निरीक्षण

Naya Savera Network
जौनपुर। ग्रीष्मावकाश के बाद बुधवार को तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण में हुआ। विद्यालय परिसर में विधि-विधान से मां सरस्वती का पूजन, हवन एवं आरती संपन्न कराई गई। इसके उपरांत समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
इसी दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) देवेंद्र कुमार सिंह ने विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण से पूर्व विद्यालय के प्रबंधक सत्य प्रकाश सिंह एवं प्रधानाचार्य डॉ. सत्य प्रकाश सिंह ने उनका स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान डीआईओएस ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानाचार्य डॉ. सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में यह शिक्षण संस्थान जिले ही नहीं, बल्कि प्रदेश में भी अपनी अलग पहचान बना रहा है। उन्होंने सभी शिक्षकों से आह्वान किया कि वे अभी से बोर्ड परीक्षा-2027 की तैयारी में जुट जाएं और विद्यार्थियों को प्रदेश की टॉप-10 सूची में स्थान दिलाने का लक्ष्य लेकर कार्य करें।

दोपहर 12 बजे विद्यालय की जीव विज्ञान प्रयोगशाला में प्रबंधक सत्य प्रकाश सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में प्रधानाचार्य डॉ. सत्य प्रकाश सिंह ने समस्त शिक्षकों की बैठक आयोजित की। बैठक में जुलाई माह की शैक्षणिक कार्ययोजना, विद्यालय के समग्र विकास, नए विद्यार्थियों के प्रवेश अभियान, नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन, इंग्लिश मीडियम के विद्यार्थियों के लिए स्मार्ट क्लास की व्यवस्था तथा आगामी 11 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक पुरातन छात्र सम्मेलन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रधानाचार्य ने सभी शिक्षकों से अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। बैठक का सफल संचालन विद्यालय के प्रवक्ता डॉ. सुनील कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त शिक्षण एवं शिक्षणेत्तर स्टाफ उपस्थित रहा।














#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!