Jaunpur News : डीएम की अध्यक्षता में सघन पल्स पोलियो अभियान के लिए जिला टास्क फोर्स की बैठक सम्पन्न

28 जून से प्रारम्भ होगा सघन पल्स पोलियो अभियान, जनपद के 6 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो रोधी खुराक 

 नया सवेरा नेटवर्क

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार देर सायं सघन पल्स पोलियो अभियान-2026 के सफल एवं प्रभावी संचालन हेतु जिला टास्क फोर्स की बैठक सम्पन्न हुई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद में सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारम्भ 28 जून 2026 (रविवार) को बूथ गतिविधियों के साथ किया जाएगा। अभियान के प्रथम दिवस जनपद के समस्त पोलियो बूथों पर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई जाएगी। इसके उपरांत 29 जून से 03 जुलाई तक आशा, आंगनबाड़ी एवं एएनएम कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर भ्रमण कर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाई जाएगी तथा 05 जुलाई को बी-टीम गतिविधि संचालित की जाएगी। बैठक में बताया गया कि अभियान के सफल संचालन हेतु जनपद में कुल 1,866 पोलियो बूथ, 1,242 घर-घर भ्रमण टीमें, 105 ट्रांजिट टीमें तथा 52 विशेष टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, प्रमुख चौराहों एवं ईंट-भट्टों जैसे संवेदनशील स्थलों पर विशेष रूप से कार्य करेंगी। अभियान के अंतर्गत 6,06,187 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने तथा 7,65,825 घरों का भ्रमण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 

जिलाधिकारी ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान जनस्वास्थ्य से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है तथा इसके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि जनपद का कोई भी शून्य से पांच वर्ष तक का बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहने पाए तथा अभियान की नियमित निगरानी, प्रभावी पर्यवेक्षण एवं शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पंचायत राज विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, ग्राम प्रधानों एवं अन्य संबंधित विभागों को अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अभियान को प्रभावी बनाने के लिए ब्लॉक स्तर पर समस्त स्वास्थ्य कर्मियों को चिकित्साधिकारियों की देखरेख में बिंदुवार एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किए जाने के निर्देश दिए।    

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी आशा, आंगनबाड़ी एवं एएनएम कार्यकर्ता ब्लॉकवार ट्रेनिंग कराई जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि गंभीर बीमारी से ग्रसित बच्चों के संबंध में चिकित्सकीय दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने बैठक में अनुपस्थित रहने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर एवं बक्शा के एमओआईसी का एक दिन का वेतन बाधित करने तथा स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों एवं चिकित्सा अधीक्षकों की टीम गठित करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में अपंजीकृत एवं अवैध चिकित्सालयों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाकर आवश्यक विधिक एवं दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित जन-जागरूकता अभियान एनसीसी कैम्पों, शैक्षणिक संस्थानों, क्षेत्रीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं तथा सोशल मीडिया, एवं पेपम्लेट आदि के माध्यम से व्यापक स्तर पर जागरूक किया जाए।  बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, समस्त अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा अधीक्षकगण तथा विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


ADMISSION OPEN Session 2026–27 :  SS PUBLIC SCHOOL-  Siddiqpur, Jaunpur – 222003 📞 7380691111, 9453567111  SS PUBLIC SCHOOL 📢 ADMISSION OPEN Session 2026–27 Classes: Bal Vatika to Class IX & XI Streams Offered (Class XI): 🔬 Science | 📊 Commerce | 📚 Humanities Affiliation: ✔ 10+2 Affiliated to C.B.S.E., New Delhi  Siddiqpur, Jaunpur – 222003 📞 7380691111, 9453567111  Babatpur, Varanasi 📞 0542-2622303, 0542-2622304
विज्ञापन

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ