‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम पर लोहिया पार्क में आयोजित हुआ विशेष योग सत्र
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। शासन की मंशानुरूप जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन एवं मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया के निर्देशन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अंतर्गत चल रहे योग सप्ताह के चौथे दिवस पर लोहिया पार्क में एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के साथ विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के निर्धारित प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने योग को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि योग स्वस्थ एवं समृद्ध समाज के निर्माण का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी लोगों से नियमित योगाभ्यास अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के संयोजक क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कमल रहे। ‘‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’’ विषय पर मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. सुशील अग्रहरि ने एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि संक्रमित व्यक्तियों के साथ भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि साथ रहने, भोजन करने अथवा सामान्य संपर्क से एचआईवी संक्रमण नहीं फैलता है।
उन्होंने कहा कि संतुलित जीवनशैली, पौष्टिक आहार, नियमित योग, ध्यान एवं प्राणायाम के साथ चिकित्सकीय परामर्श एवं एआरटी उपचार अपनाकर रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाया जा सकता है तथा जीवन को स्वस्थ एवं बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने मत्स्यासन, सिंहासन, ताड़ासन, वक्रासन, सूर्य नमस्कार, ध्यान एवं प्राणायाम के स्वास्थ्य लाभों की भी जानकारी दी।
पतंजलि योग समिति उत्तर प्रदेश के सह राज्य प्रभारी अचल हरीमूर्ति एवं मुख्य योग शिक्षक अरविंद कुमार द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योग क्रियाओं एवं प्राणायामों का अभ्यास कराया गया। इस दौरान भस्त्रिका, कपालभाति, बाह्य प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी एवं उद्गीथ प्राणायाम के साथ ध्यान का अभ्यास भी कराया गया।
कार्यक्रम में सूर्य नमस्कार के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला गया। बताया गया कि सूर्य नमस्कार किसी एक आसन का नाम नहीं, बल्कि विभिन्न योगासनों का समन्वित समूह है। इसके नियमित अभ्यास से शरीर के सभी तंत्रों को सुदृढ़ बनाया जा सकता है। सूर्य नमस्कार रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, रक्त संचार को संतुलित रखने तथा शरीर में प्राणवायु के प्रवाह को बेहतर बनाने में अत्यंत लाभकारी माना जाता है। विशेषज्ञों ने सभी लोगों से अपनी क्षमता एवं स्वास्थ्य के अनुरूप नियमित रूप से सूर्य नमस्कार का अभ्यास करने की अपील की।
कार्यक्रम में डॉ. अरुण कुमार (डिप्टी सीएमओ), योग प्रशिक्षक शैलेश चतुर्वेदी, राजन सिंह, अनिल कुमार, अर्जुन सिंह, त्र्यंबकम मिश्रा, क्षमा सिंह, अंकित जायसवाल, लोकेश कुमार, राजकुमार, जगदीश, पीयूष गुप्ता, विजय पटेल, धर्मेंद्र कुमार, राजीव, अभय, दिनेश यादव एवं अजीत सहित बड़ी संख्या में एचआईवी संक्रमित व्यक्ति उपस्थित रहे।



