Hyderabad News: जनसेना को तेलंगाना में राजनीति करने से कोई नहीं रोक सकता : सिंकारु शिवाजी

Naya Savera Network

 नया सवेरा नेटवर्क

हैदराबाद। शिवसेना (तेलंगाना) के प्रदेश अध्यक्ष सिंकारु शिवाजी ने जनसेना पार्टी और उसके अध्यक्ष पवन कल्याण का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें तेलंगाना में राजनीतिक गतिविधियां चलाने का पूरा संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि यदि पवन कल्याण राज्य में राजनीतिक दौरा करते हैं तो शिवसेना उनका स्वागत करेगी और समर्थन भी देगी। मंगलवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में शिवाजी ने कहा कि पवन कल्याण एक लोकप्रिय जननेता हैं। सनातन बोर्ड की आवश्यकता को लेकर उनके द्वारा उठाई गई मांग के बाद कुछ ताकतें उनके खिलाफ लगातार बयानबाजी कर रही हैं, जो उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल को देश के किसी भी हिस्से में पार्टी स्थापित करने और राजनीतिक गतिविधियां संचालित करने का अधिकार देता है। जनसेना पार्टी को भी वही अधिकार प्राप्त हैं जो अन्य मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को हासिल हैं। शिवाजी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने जनसेना पार्टी को मान्यता प्रदान की है और चुनाव चिन्ह आवंटित किया है। ऐसे में पार्टी देश के किसी भी राज्य में चुनाव लड़ सकती है और अपने संगठन का विस्तार कर सकती है। किसी दल को राजनीतिक गतिविधियां करने से रोकने की कोशिश लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि पवन कल्याण ने कभी भी तेलंगाना राज्य या यहां की जनता का अपमान नहीं किया है। कुछ लोगों द्वारा उनके तेलंगाना दौरे का विरोध करना और उन्हें राज्य में प्रवेश न देने जैसी बातें करना लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है। शिवाजी ने कहा कि पवन कल्याण के खिलाफ सोशल मीडिया पर चलाए जा रहे अभियान लोकतंत्र और संविधान की भावना के विपरीत हैं। उन्होंने कहा कि जनता ही तय करती है कि किस नेता और राजनीतिक दल को समर्थन देना है।

उन्होंने यह भी बताया कि वह जल्द ही पवन कल्याण से मुलाकात कर उन्हें अपना समर्थन व्यक्त करेंगे। शिवाजी ने कहा कि पवन कल्याण जैसे नेतृत्व क्षमता वाले नेताओं की तेलंगाना की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।


SPECIAL OFFER - No Admission Fee  - No June Month Fee - DALIMSS SUNBEAM SCHOOL, JAUNPUR
Advt

उमानाथ सिंह हायर सेकेंडरी स्कूल 🎓 CBSE से संबद्ध प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान
Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!