एनसीसी कैडेट्स को साइबर, यातायात, महिला एवं अग्नि सुरक्षा की दी गई जानकारी
नया सवेरा नेटवर्क
आजमगढ़। सर्वोदय पब्लिक स्कूल, आजमगढ़ में एनसीसी कैडेट्स एवं छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर सुरक्षा, यातायात सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं अग्नि सुरक्षा विषयों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। कार्यक्रम में साइबर क्राइम थाना, आजमगढ़ के उपनिरीक्षक योगेन्द्र कुमार एवं साइबर सेल के मुख्य आरक्षी मुकेश भारती ने साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप, ऑनलाइन ठगी से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं साइबर सेल के मुख्य आरक्षी ओमप्रकाश जायसवाल ने एपीके (APK) फाइलों के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी के बारे में जानकारी देते हुए छात्रों को अनजान लिंक और फर्जी एप्लीकेशन से सावधान रहने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी आकर्षक ऑफर, फर्जी ऐप और अनधिकृत लिंक के माध्यम से लोगों की बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी हासिल कर आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म से ही ऐप डाउनलोड करने, ओटीपी, यूपीआई पिन एवं बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करने तथा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी। यातायात पुलिस के उपनिरीक्षक दिलीप कुमार ने सड़क सुरक्षा नियमों, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व तथा सुरक्षित वाहन संचालन के बारे में जागरूक किया। महिला सुरक्षा प्रकोष्ठ के उपनिरीक्षक वरुणेश मिश्रा ने महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, साइबर उत्पीड़न से बचाव और महिलाओं के कानूनी अधिकारों की जानकारी दी।
इसके अतिरिक्त फायर सर्विस विभाग के विशेषज्ञों ने आग लगने की स्थिति में बचाव, अग्निशमन उपकरणों के उपयोग, प्राथमिक प्रतिक्रिया और आपदा प्रबंधन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं तथा व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे और उपयोगी जानकारी प्राप्त की। साइबर विशेषज्ञ ओपी जायसवाल को अंत में विद्यालय प्रशासन की तरफ से सम्मानित किया गया। अंत में विद्यालय प्रशासन ने सभी अधिकारियों एवं विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया।
| Advt |


0 टिप्पणियाँ