श्री कृष्णा न्यूरो एवं मानसिक रोग चिकित्सालय में तम्बाकू निषेध दिवस पर संगोष्ठी का हुआ आयोजन
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर श्री कृष्णा न्यूरो एवं मानसिक रोग चिकित्सालय, नईगंज में एक विशेष जन जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर चिकित्सालय के प्रबंध निदेशक एवं प्रख्यात न्यूरो साइकेट्रिस्ट विशेषज्ञ डॉ. हरिनाथ यादव ने उपस्थित लोगों और मरीजों को तम्बाकू के जानलेवा प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए डॉ. हरिनाथ यादव ने बताया कि तम्बाकू का सेवन केवल एक बुरी आदत या शौक नहीं है, बल्कि मेडिकल साइंस (डीएसएम-5) के अनुसार यह एक गंभीर मानसिक बीमारी है, जिसे टोबैको यूज़ डिसऑर्डर कहा जाता है। उन्होंने वैज्ञानिक तथ्यों के साथ तम्बाकू के खतरों और इसे छोड़ने के उपायों पर विस्तृत प्रकाश डाला।
डॉ. यादव ने बताया कि तम्बाकू में मौजूद निकोटीन इंसान के दिमाग को अपना गुलाम बना लेता है। निकोटीन सेवन के मात्र 7 सेकंड के भीतर दिमाग के रिवॉर्ड पाथवे पर कब्जा कर लेता है और डोपामाइन (खुशी का अहसास कराने वाले न्यूरोकेमिकल) का एक नकली चक्र शुरू करता है। इसके बाद धीरे-धीरे दिमाग इस नकली डोपामाइन का आदी हो जाता है। जब इंसान तंबाकू नहीं लेता, तो दिमाग में तीव्र छटपटाहट, अत्यधिक गुस्सा, घबराहट और चिड़चिड़ापन शुरू हो जाता है, जिसे निकोटीन विड्रॉल कहते हैं। इसी मानसिक मजबूरी के कारण लोग चाहकर भी इसे छोड़ नहीं पाते।
निदेशक डॉ. यादव ने सचेत किया कि तम्बाकू सिर्फ फेफड़ों को ही नहीं बल्कि सिर से लेकर पैर तक पूरे सिस्टम को तबाह कर देता है। तम्बाकू नसों को सिकोड़कर खून को गाढ़ा कर देता है जिससे दिमाग में थक्के जम जाते हैं और पैरालिसिस या स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। लम्बे समय तक सेवन से सोचने-समझने की क्षमता खत्म होने लगती है और अल्जाइमर का खतरा 40 प्रतिशत तक बढ़ जाता है। यह दिमाग के नेचुरल सेरोटोनिन और डोपामाइन को सुखा देता है जिससे व्यक्ति गहरे अवसाद (डिप्रेशन) में चला जाता है। इससे मुँह, जीभ, गले, भोजन नली और फेफड़ों का जानलेवा कैंसर हो सकता है। धमनियों में ब्लॉकेज के कारण बेहद कम उम्र में साइलेंट हार्ट अटैक आना सामान्य हो जाता है।
डॉ. यादव ने समाज को यह संदेश दिया कि इस मानसिक गुलामी से पूरी तरह छुटकारा पाना संभव है, बशर्ते सही चिकित्सीय सलाह ली जाए। निकोटीन रिप्लेसमेंट थेरेपी में पैच या गम के माध्यम से वैज्ञानिक तरीके से धीरे-धीरे लत को कम किया जाता है। न्यूरो-साइकियाट्री में ऐसी आधुनिक एंटी-क्रैविंग दवाएं उपलब्ध हैं जो तंबाकू की तीव्र इच्छा को दिमाग के स्तर पर ही ब्लॉक कर देती हैं। बिहेवियरल थेरेपी (सीबीटी) के माध्यम से काउंसिलिंग और व्यवहार परिवर्तन तकनीकों द्वारा मरीज को मानसिक रूप से मजबूत बनाया जाता है ताकि वह दोबारा इस जाल में न फंसे।
संगोष्ठी के समापन पर डॉ. हरिनाथ यादव ने चिकित्सालय स्टाफ और वहां मौजूद सभी नागरिकों को जीवन भर तम्बाकू और किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया। इस मौके पर क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. प्रतिमा यादव, डॉ. सुशील यादव, नितिन, शिव बहादुर, लालजी एवं समस्त हॉस्पिटल स्टाफ, मरीज एवं उनके परिजन मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
| विज्ञापन |

,%20%E0%A4%A8%E0%A4%88%E0%A4%97%E0%A4%82%E0%A4%9C%20%E0%A4%A4%E0%A4%BF%E0%A4%B0%E0%A4%BE%E0%A4%B9%E0%A4%BE,%20%E0%A4%9C%E0%A5%8C%E0%A4%A8%E0%A4%AA%E0%A5%81%E0%A4%B0%20%20%E0%A4%AB%E0%A5%8B%E0%A4%A8%20%E0%A4%A80%207355%20358194,%2005452-356555.jpg)
0 टिप्पणियाँ