जौनपुर : ​जिस शहीद पर ब्रिटेन की संसद ने जताया था शोक, उसके गांव में स्मारक का इंतजार!

Team NSN
जौनपुर। शौर्य चक्र से सम्मानित अमर शहीद इंस्पेक्टर ध्रुवलाल यादव के सम्मान में उनके पैतृक गांव में स्मारक निर्माण समेत विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को सामाजिक संगठनों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ओबीसी महासभा और अम्बेडकर मिशनरी एकता समिति के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपते हुये शीघ्र कार्रवाई की मांग किया।
ज्ञापन में कहा गया कि जिले में बरसठी ब्लॉक के गहरपुर अमिलिया निवासी शहीद ध्रुवलाल यादव ने वर्ष 1994 में सहारनपुर में आतंकवादियों के चंगुल से विदेशी नागरिकों को मुक्त कराने के दौरान अदम्य साहस का परिचय देते हुये अपने प्राणों की आहुति दी थी। उनकी वीरता को भारत सरकार ने मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया जबकि ब्रिटेन की संसद ने भी उनकी शहादत पर शोक व्यक्त किया था।
प्रतिनिधिमण्डल ने कहा कि इतने बड़े बलिदान के बावजूद आज तक जनपद में उनके नाम पर कोई समुचित स्मारक नहीं बनाया गया है। साथ ही निगोह–सुरियावा मार्ग को शहीद ध्रुवलाल मार्ग घोषित करने और वहां शिलापट्ट स्थापित करने की मांग उठायी गयी। गांव में शहीद के नाम पर स्थापित स्वास्थ्य केंद्र की हालत भी उपेक्षा की कहानी बयां कर रही है। यह भवन पूरी तरह जर्जर होकर खंडहर में तब्दील हो चुका है जहां न कोई चिकित्सा सुविधा उपलब्ध है और न ही रखरखाव के कोई संकेत दिखाई देते हैं।
ज्ञापन देने वालों में ओबीसी महासभा के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष एवं जय संविधान अंबेडकरवादी मिशनरी एकता के उत्तर प्रदेश प्रभारी आलोक यादव, डॉ. नागेंद्र यादव, डॉ. विश्वनाथ यादव, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश मंत्री अंजनी श्रीवास्तव सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।

Uploaded Image

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!