Jaunpur : ​यूपीपीसीएस 2024: उर्वशी चंद ने हासिल की 25वीं रैंक, जौनपुर से जुड़ी सफलता की कहानी

जौनपुर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPCS) 2024 परीक्षा में उर्वशी चंद ने प्रदेश में 25वीं रैंक हासिल कर बड़ी सफलता अर्जित की है। उनका चयन असिस्टेंट कमिश्नर (वाणिज्य कर) पद पर हुआ है। गोरखपुर की मूल निवासी उर्वशी की इस उपलब्धि में जौनपुर का खास योगदान रहा है, जिससे उनका गहरा भावनात्मक और शैक्षिक जुड़ाव रहा है।
उर्वशी के पिता राजेन्द्र चंद, जो सेवानिवृत्त जिला जज हैं, वर्ष 2006 से 2009 के बीच जौनपुर में अपर जिला जज के पद पर तैनात रहे। इसी दौरान उर्वशी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जौनपुर में प्राप्त की और हरिहर सिंह पब्लिक स्कूल से हाईस्कूल पास कर मजबूत शैक्षिक आधार तैयार किया।
वे एक ऐसे परिवार से आती हैं जहां न्यायिक सेवा की मजबूत परंपरा रही है। उनकी बड़ी बहन रश्मि चंद आजमगढ़ में एसीजेएम के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनके जीजा अभिनंदन सिंह जौनपुर से जुड़े हैं। उर्वशी की यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए गर्व का विषय है, बल्कि जौनपुर के शैक्षणिक वातावरण के लिए भी प्रेरणादायक है। उनकी उपलब्धि से जिले के छात्र-छात्राओं को मेहनत और लगन से आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

Post a Comment

0 Comments