मिठाई लाल सोनकर @ नया सवेरा
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के कुद्दूपुर शिवापार गांव में गुरुवार दोपहर रसोई गैस रिसाव से लगी आग में एक ही परिवार के पांच लोग झुलस गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार करीब एक बजे बिजेंद्र यादव (38), उनकी पत्नी अनीता यादव (35), पुत्री कृतिका (14), वर्तिका (11) तथा पुत्र श्रेयांस (8) घर के रसोईघर में मौजूद थे। इसी दौरान गैस सिलेंडर का रेगुलेटर बदला जा रहा था। जैसे ही माचिस जलाई गई, पहले से रिसाव हो रही गैस ने आग पकड़ ली और तेज लपटें उठने लगीं। आग की चपेट में आने से परिवार के सभी पांच सदस्य झुलस गए। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग तत्काल सभी घायलों को निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। घटना से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
| विज्ञापन |

0 टिप्पणियाँ