Jaunpur : ​करंट से महिला की हुई मौत, बिना सूचना दिये परिजनों ने किया अंतिम संस्कार

रामपुर, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के भानापुर गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद जहां परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भानापुर गांव निवासी कांती देवी (46 वर्ष) पत्नी सुरेश गौतम सोमवार की देर शाम अपने घर में बिजली की रॉड से पानी गर्म कर रही थीं। इसी दौरान अचानक उनका हाथ पानी गर्म करने वाली रॉड पर पड़ गया जिससे उन्हें तेज करंट लग गया और वह मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ीं।
परिजनों ने जब उन्हें जमीन पर गिरा देखा तो तत्काल उठाकर पास के एक निजी चिकित्सक के पास ले गये जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही महिला के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस घटना से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post a Comment

0 Comments