बरेली/ लखनऊ। लखनऊ में हुए इंडिया फूड एक्सपो- 2026 का उद्घाटन प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने किया। गोमती नगर, लखनऊ में तीन दिवसीय फूड एक्सपो 2026 में खाद्य प्रसंस्करण, कृषि आधारित उद्योग, एमएसएमई, पैकेजिंग, मशीनरी एवं संबंधित औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े उद्यमियों और संस्थानों ने सहभागिता की। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आई आई ए), बरेली चैप्टर के प्रतिनिधिमंडल ने इंडिया फूड एक्सपो- 2026 के उद्घाटन समारोह में सक्रिय सहभागिता की।
आई आई ए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल के मार्गदर्शन में आई आई ए द्वारा देश एवं प्रदेश के उद्यमियों को नए व्यापारिक अवसरों, आधुनिक तकनीकों एवं राष्ट्रीय स्तर के औद्योगिक मंचों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इंडिया फूड एक्सपो- 2026 भी इसी दिशा में उद्यमियों के लिए संवाद, नेटवर्किंग और व्यापार विस्तार का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रहा है।
आई आई ए बरेली चैप्टर के चेयरमैन शेखर अग्रवाल के नेतृत्व में चैप्टर सचिव धनंजय विक्रम सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नीरज गोयल, राष्ट्रीय सचिव मयूर धीरवानी, संदीप तिवारी सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने एक्सपो में सहभागिता की तथा विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न खाद्य प्रसंस्करण एवं औद्योगिक इकाइयों द्वारा प्रदर्शित उत्पादों, आधुनिक मशीनरी, नवीन तकनीकों एवं व्यावसायिक समाधानों की जानकारी प्राप्त की तथा उद्यमियों से संवाद किया।
आई आई ए बरेली चैप्टर के चेयरमैन शेखर अग्रवाल ने कहा कि, “इंडिया फूड एक्सपो- 2026 खाद्य प्रसंस्करण एवं कृषि आधारित उद्योगों से जुड़े उद्यमियों के लिए अपने उत्पादों, तकनीक और क्षमताओं को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से उद्योगों को नए बाजार एवं व्यापारिक अवसर तलाशने में सहायता मिलती है।
चैप्टर सचिव धनंजय विक्रम सिंह ने कहा कि, “इंडिया फूड एक्सपो- 2026 में देश- प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए उद्यमियों की सहभागिता यह दर्शाती है कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं हैं। आई आई ए बरेली चैप्टर अपने सदस्यों को ऐसे राष्ट्रीय स्तर के मंचों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नीरज गोयल ने कहा कि, “खाद्य प्रसंस्करण उद्योग किसानों, उद्यमियों और उपभोक्ताओं के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करता है। इंडिया फूड एक्सपो जैसे आयोजन तकनीक, निवेश और व्यापार के नए अवसरों को एक मंच पर लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
राष्ट्रीय सचिव मयूर धीरवानी ने कहा कि, “इंडिया फूड एक्सपो- 2026 उद्यमियों के लिए नेटवर्किंग, नए उत्पादों की जानकारी और आधुनिक तकनीकों को समझने का प्रभावी अवसर है। ऐसे आयोजनों में उद्योग जगत की सक्रिय भागीदारी से प्रदेश के एम एस एम ई एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को और गति मिल सकती है। खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में रोजगार, निवेश, मूल्य संवर्धन एवं निर्यात की व्यापक संभावनाएं हैं, इसलिए इस क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों को तकनीक एवं बाजार की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप आगे बढ़ने की आवश्यकता है।
