रतन लाल आर्य @ नया सवेरा
बक्शा, जौनपुर। स्थानीय ब्लॉक सभागार में शनिवार को ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता एडीओ आरडी संजय श्रीवास्तव ने की। बैठक को संबोधित करते हुए एडीओ आरडी संजय श्रीवास्तव ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं पल्स पोलियो अभियान की सफलता सभी विभागों के समन्वित प्रयासों पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी विभागों से आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।
बैठक में अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बक्शा डॉ. जी.के. सिंह, डॉ. अनुराग सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने-अपने माइक्रोप्लान प्रस्तुत किए। यूनिसेफ के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर मोहम्मद कामिल ने बताया कि 1 जुलाई से 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 जुलाई से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां एवं आशा बहुएं घर-घर जाकर रोगियों की पहचान कर आवश्यक दवाओं का वितरण करेंगी।
उन्होंने बताया कि 28 जून को सभी बूथों पर पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा, जिसमें शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान के दौरान छूटे बच्चों को 6 जुलाई को पोलियो ड्रॉप पिलाई जाएगी। बैठक में पशु चिकित्साधिकारी डॉ. पवन कुमार, प्रभारी सीडीपीओ अर्चना, नितेश यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

