Jaunpur News : एपीडा ने जौनपुर से सिंगापुर और दुबई को मिश्रित सब्जियों के प्रथम निर्यात खेप का सफल प्रेषण

 नया सवेरा नेटवर्क

जौनपुर। एपीडा, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रदेश सरकार के सहयोग से दिनांक 14 जून 2026 को जौनपुर से सिंगापुर के लिए मिश्रित सब्जियों की प्रथम निर्यात खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह जौनपुर जनपद से इस प्रकार का पहला निर्यात है, जो क्षेत्र के कृषि निर्यात क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। निर्यात की गई इस खेप में कुल 1,050 किलोग्राम ताजी सब्जियां शामिल थीं, जिनमें  कुंदरु, शिमला मिर्च, किलोग्राम भिंडी, मशरूम तथा हरी मिर्च सम्मिलित हैं। यह खेप सिंगापुर के लिए प्रेषित की गई। साथ ही 1400 किलोग्राम मिक्स सब्जियां दुबई के लिए रवाना की गई है। 

फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम में एपीडा के वरिष्ठ अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से भाग लिया। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी केराकत, उप निदेशक उद्यान, जिला उद्यान अधिकारी, निर्यातक प्रतिनिधि तथा स्थानीय कृषक एवं उत्पादक समूहों के सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती विनीता सुधांशु, महाप्रबंधक (फल एवं सब्जी), एपीडा ने कहा, “यह उपलब्धि किसानों, निर्यातकों, एपीडा तथा राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों का उत्कृष्ट उदाहरण है। जौनपुर से सिंगापुर जैसे विकसित एवं गुणवत्ता-संवेदनशील बाजार में मिश्रित सब्जियों का निर्यात पूर्वांचल की कृषि क्षमता को दर्शाता है।” डॉ. सी. बी. सिंह, क्षेत्रीय प्रमुख, एपीडा ने कहा, “एपीडा पूर्वांचल को कृषि निर्यात का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। वित्तीय वर्ष 2019-20 में लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा से कृषि उत्पादों का निर्यात नगण्य था, जबकि वित्तीय वर्ष 2025-26 में इसी हवाई अड्डे से 1,010 मीट्रिक टन से अधिक कृषि उत्पादों का निर्यात किया गया है। यह क्षेत्र में विकसित हो रहे कृषि निर्यात की स्थिति का मूल प्रमाण है।” 

उपजिलाधिकारी केराकत, सुनील कुमार ने अपने संबोधन में कहा, “जिला प्रशासन कृषि निर्यात को बढ़ावा देने हेतु अनुकूल वातावरण विकसित करने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगा तथा निर्यात से संबंधित गतिविधियों को प्रोत्साहित करेगा।” उप निदेशक उद्यान, दिग्विजय ने कहा, “उद्यान विभाग एपीडा एवं स्थानीय निर्यातकों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर प्रगतिशील किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को निर्यात से जोड़ने का कार्य कर रहा है। साथ ही एफपीओ एवं किसानों को निर्यात गुणवत्ता के अनुरूप उत्पादन हेतु नियमित रूप से प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है।”

जिला उद्यान अधिकारी डॉ0 सीमा सिंह राणा द्वारा अपिडा से अपेक्षा की गई कि अपिडा की तरफ से  जनपद में एक वर्कशॉप का आयोजन किया जाए जिसमें निर्यात हेतु मानक तुड़ाई का तरीका एवं फसलों पर कब और कैसे दवा व रसायन का छिड़काव किया जाए इसकी जानकारी जनपद के प्रगतिशील कृषकों को उपलब्ध कराई जाए ताकि निर्यात की संभावनाए जनपद में और भी बढ़ाई जा सके तथा कृषकों को बिचौलिए से मुक्ति के साथ उचित दाम मिल सके।

निर्यातक प्रतिनिधि अनिल गर्ग ने कहा, “हम जौनपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से कृषि उत्पादों के नियमित निर्यात के लिए प्रतिबद्ध हैं। आगामी समय में हम उत्पादों की विविधता बढ़ाने के साथ-साथ नए अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बनाने का प्रयास करेंगे, जिससे क्षेत्रीय किसानों को अधिक लाभ प्राप्त हो सके।” उल्लेखनीय है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान भारत से सिंगापुर को कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों का निर्यात लगभग ₹2,300 करोड़ का रहा। यह दर्शाता है कि इस वैशविक संकट की घड़ी मे भारत के साथ साथ राज्य के कृषि निर्यात में वृद्धि की व्यापक संभावनाएं उपलब्ध हैं।

जौनपुर से मिश्रित सब्जियों की इस पहली निर्यात खेप का प्रेषण पूर्वांचल के किसानों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने तथा उत्तर प्रदेश को कृषि निर्यात के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


ADMISSION OPEN Session 2026–27 :  SS PUBLIC SCHOOL-  Siddiqpur, Jaunpur – 222003 📞 7380691111, 9453567111  SS PUBLIC SCHOOL 📢 ADMISSION OPEN Session 2026–27 Classes: Bal Vatika to Class IX & XI Streams Offered (Class XI): 🔬 Science | 📊 Commerce | 📚 Humanities Affiliation: ✔ 10+2 Affiliated to C.B.S.E., New Delhi  Siddiqpur, Jaunpur – 222003 📞 7380691111, 9453567111  Babatpur, Varanasi 📞 0542-2622303, 0542-2622304
विज्ञापन

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ