नया सवेरा नेटवर्क
मड़ियाहूं, जौनपुर। स्थानीय नगर में शुक्रवार को पत्रकार संघ द्वारा पत्रकारिता दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार राधाकृष्ण शर्मा ने की। इस अवसर पर पत्रकारों ने वर्तमान समय में पत्रकारिता के समक्ष मौजूद चुनौतियों एवं पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने का कार्य करती है। वक्ताओं ने पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान तथा कार्यस्थल पर आने वाली कठिनाइयों के समाधान के लिए संगठित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में बदलते दौर में पत्रकारिता के स्वरूप, डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव तथा समाचारों की विश्वसनीयता बनाए रखने जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। उपस्थित पत्रकारों ने जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रवणेश मिश्रा, राजेश कुमार पाण्डेय, चंदन केसरी, बिपिन दुबे, आनंद तिवारी, बृजेश मिश्रा, रोहित पटेल, कन्हैया पांडे, शमीम अहमद सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन आपसी सहयोग एवं पत्रकार हितों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।
| Advt |


0 Comments