Jaunpur News: कारागार में जन्मे कान्हा, जयघोष से गूंज उठा कथा पंडाल

चेतन सिंह @  नया सवेरा 

बरसठी, जौनपुर। क्षेत्र के गोठाव गांव स्थित किसान कांग्रेस के कोऑर्डिनेटर डॉ. आरसी पांडेय के आवास पर चल रही श्रीमद्भागवत कथा के छठे दिन श्रीकृष्ण जन्मोत्सव लीला का भव्य एवं भक्तिमय आयोजन किया गया। कथा व्यास विदर्भराज नंदनी महाकाव्य के रचयिता कुलगुरु पंडित गणेश दत्त महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म, बाल लीलाओं और धर्म स्थापना की कथा का ओजपूर्ण एवं भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

     कथा व्यास ने श्रीराम कुल परंपरा, यदुवंश और कुरुवंश की उत्पत्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि जब पृथ्वी पर अधर्म, अन्याय और अत्याचार बढ़ जाता है, तब भगवान मानव कल्याण और धर्म की रक्षा के लिए अवतार लेते हैं। उन्होंने बताया कि मथुरा का राजा कंस अहंकार और अत्याचार में इतना डूब चुका था कि देवकी के आठवें पुत्र द्वारा मृत्यु की भविष्यवाणी सुनते ही उसने अपनी बहन देवकी और वसुदेव को कारागार में बंद कर दिया तथा उनकी सात संतानों की निर्मम हत्या कर दी।

कथा व्यास पं. गणेश दत्त महाराज ने कहा, “जिस क्षण श्रीकृष्ण ने जन्म लिया, उसी क्षण कंस के अंत की शुरुआत हो गई।” उन्होंने बताया कि भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि की आधी रात भगवान विष्णु ने श्रीकृष्ण के रूप में अवतार लिया। प्रभु के जन्म लेते ही कारागार के ताले स्वयं खुल गए और पहरेदार गहरी निद्रा में सो गए। इसके बाद वसुदेव नवजात श्रीकृष्ण को टोकरी में रखकर उफनती यमुना पार करते हुए गोकुल पहुंचे और नंद बाबा के यहां जन्मी कन्या को लेकर वापस मथुरा लौट आए। आगे चलकर भगवान श्रीकृष्ण ने गोकुल और वृंदावन में अपनी बाल लीलाओं से भक्तों को आनंदित किया तथा कंस सहित अनेक असुरों का संहार कर धर्म की स्थापना की। कथा में जैसे ही श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की झांकी प्रस्तुत हुई, पूरा पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूम उठे, जबकि महिलाओं ने मंगलगीत गाकर नृत्य किया जिससे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। देर शाम तक श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे रहे। कथा में आए श्रद्धालुओं के स्वागत-सत्कार में आयुष हेल्थ केयर (आयुर्वेद) सेंटर के संचालक सौरभ पांडेय सहित अन्य पारिवारिक जनों की सक्रिय सहभागिता रही। कथा के मुख्य यजमान पूर्व प्रधानाचार्य पंडित सुभाष चंद्र पांडेय के साथ रमेश चंद पांडेय एवं गिरीश चंद्र पांडेय रहे। 

इस मौके पर प्रधानाचार्य डॉ. राजेश त्रिपाठी, समाजसेवी कमला शंकर मिश्रा, जज सिंह अन्ना, गुलाब तिवारी, अजीत सिंह, युवा नेता बालेश्वर तिवारी, पूर्व प्रधान घनश्याम दुबे, नन्हकू दुबे, प्रधान संघ अध्यक्ष गजेंद्र प्रसाद दुबे, लालता पांडेय, राम आसारे पांडेय, अधिवक्ता राकेश पांडेय, देवेश मणि तिवारी, हीरा सिंह, रविंद्र प्रताप सिंह, राजेश दुबे, दुर्गा मिश्रा, शीतला प्रसाद मिश्रा, आशाराम शुक्ल, शशिकांत शुक्ल समेत बरसठी क्षेत्र के गणमान्य लोगो समेत पत्रकारगण व अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।


OPD Start : अशोक हॉस्पिटल महरुपुर वाराणसी-जौनपुर रोड जफराबाद जौनपुर | Emergency Contact : 7565955001, 7575955002
विज्ञापन

ADMISSION OPEN 2026-27: KAMLA NEHRU ENGLISH SCHOOL | Call us : 77558 17891, 9453725649, 9140723673, 9415896695
विज्ञापन

Post a Comment

0 Comments