नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। मो0 हसन पीजी कॉलेज में विशाल रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया। जिसमें जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के बड़ी संख्या में बेरोजगार युवक एवं युवतियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लेकर युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षित युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराना एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम का नेतृत्व महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में शिक्षा के साथ रोजगारपरक अवसरों का जुड़ना अत्यंत आवश्यक है तथा महाविद्यालय युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों एवं कंपनियों का आभार व्यक्त किया।
इस रोजगार मेले में बैंकिंग, लॉजिस्टिक्स एवं विभिन्न निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। अभ्यर्थियों का पंजीकरण, इंटरव्यू एवं चयन प्रक्रिया पूरे दिन चलती रही। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने इस पहल की सराहना की और इसे युवाओं के लिए सुनहरा अवसर बताया। महाविद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी इस प्रकार के रोजगारपरक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की बात कही, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें।
रोजगार मेले का सफल आयोजन महाविद्यालय के IQAC Coordinator डॉ. अभिषेक कुमार श्रीवास्तव के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। उन्होंने पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के साथ-साथ मेले का प्रभावशाली संचालन भी किया। उनके उत्कृष्ट प्रबंधन, समन्वय एवं अथक प्रयासों के कारण कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफल रहा। डॉ. श्रीवास्तव ने उपस्थित युवाओं को रोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में उन्होंने विभिन्न कंपनियों एवं प्रतिभागियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया, जिसकी सभी ने सराहना की।
कार्यक्रम के समन्वयक मोहम्मद इलियास ने पूरे आयोजन की व्यवस्थाओं का कुशल संचालन किया तथा प्रतिभागियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। वहीं डॉ सलीम, डॉ जीवन यादव, अंशुमान, हर्ष और राज ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और युवाओं को प्रेरित किया।
![]() |
| विज्ञापन |



0 Comments