नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2026 को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार सायं बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2026 31 मई 2026 को दो पालियों में (प्रथम पाली प्रातः 09:00 बजे से 12:00 बजे तक द्वितीय पाली अपराह्न 02:00 बजे से 05:00 बजे तक) सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए तथा पेयजल, विद्युत, सीसीटीवी कैमरा, बैठने की समुचित व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन कराया जाए तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
परीक्षा को पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने हेतु 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 37 स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। जनपद में कुल 37 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर कुल 17,144 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा अवधि के दौरान सतत निगरानी बनाए रखें तथा सभी व्यवस्थाओं का समय से सत्यापन सुनिश्चित करें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश यादव, विवेक सिंह केंद्राध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
![]() |
| विज्ञापन |
| विज्ञापन |


0 Comments