रतन लाल आर्य @ नया सवेरा
बक्शा, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के शंभूगंज, शिवगुलामगंज, लखौवा आदि प्रमुख रेलवे लाइनों के किनारे आये दिन शरारती तत्वों द्वारा ट्रेनों पर पत्थरबाजी और ट्रैक सुरक्षा के लिए बुधवार की सुबह सिटी जीआरपी पुलिस ने पहुँच लोगों को जागरूक किया। जीआरपी जौनपुर सिटी स्टेशन चौकी इंचार्ज एसआई रवीन्द्र कुमार पटेल, हेड कांस्टेबल रमाकांत सरोज एवं कांस्टेबल रणविजय सिंह ने पुलिस बल के साथ लखौवां, शम्भूगंज और शिवगुलामगंज रेलवे फाटकों का दौरा किया। पुलिस टीम ने आसपास के लोगों को रेलवे ट्रैक की सुरक्षा और ट्रेनों पर होने वाली पत्थरबाजी की घटनाओं के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोगों से रेलवे ट्रैक पर कोई भी अप्रिय कार्य न करने के साथ ऐसी किसी भी गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील की। जीआरपी ने रेलवे के नियम-कानूनों की विस्तृत जानकारी के साथ लोगों के सहयोग की अपेक्षा किया। एसआई ने अभियान के तहत 12 बिंदुओं पर आधारित एक विस्तृत प्रोफार्मा भरते हुए नई व्यवस्था के तहत रेल पटरी किनारे बसे गांवों का विस्तृत नक्शा तैयार किया। जीआरपी ने प्रोफार्मा में क्षेत्रीय पत्रकारों, लेखपालों, चौकीदारों, ग्राम प्रधानों, जिला पंचायत सदस्यों, बीडीसी सदस्यों सभासदों, आंगनबाड़ी, आशा बहुओं एवं पंचायत मित्रों के नाम पते एवं मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से दर्ज किए हैं। उन्होंने रेलवे किनारे जनसंख्या से जुड़ी जानकारी एकत्र करतें हुए हिन्दू एवं मुस्लिम आबादी का अलग-अलग विवरण बनाया। जीआरपी ने रेल पटरी के किनारे बसने वालों का नाम पता मोबाइल नंबर भी दर्ज करतें हुए बताया कि इससे डिजिटल माध्यम से सूचना तंत्र को मजबूत किया जा सकता है। जीआरपी ने साथ ही साथ रेल पटरी किनारे रहने वाले हिस्ट्रीशीटरों का विवरण भी संकलित किया है। चौकी इंचार्ज रवीन्द्र ने बताया कि समन्वित प्रयास से न केवल पत्थरबाजी की घटनाओं पर रोक लगेगी, बल्कि स्थानीय लोगों की भागीदारी से रेलवे सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी। उन्होंने जागरूक किया कि ऐसा करने पर रेलवे अधिनियम की धारा में सजा और कठोरतम कार्यवाही का प्रावधान है। जीआरपी ने किसी प्रकार की घटना होने पर रेलवे हेल्पलाइन नंबर139/112 तथा जीआरपी जौनपुर के सीयूजी नंबर 9454404463 पर त्वरित जानकारी देने की अपील की।
![]() |
| विज्ञापन |
![]() |
| विज्ञापन |



0 Comments