बरेली। शहर में “डिलीवरी योद्धा सम्मान समारोह” सेवा, सम्मान और सामाजिक सरोकारों का उदाहरण बन गया। विभिन्न डिलीवरी कंपनियों के हजारों डिलीवरी राइडर्स को पार्थ फाउंडेशन की ओर इन योद्धाओं को हेलमेट, स्टील की पानी बोतल एवं मिशन हॉस्पिटल के निशुल्क चिकित्सा कार्ड देकर सम्मान किया गया। इस कार्यक्रम में नगर निगम में बीजेपी के महापौर डॉ. उमेश गौतम, पार्थ गौतम फाउंडेशन के अध्यक्ष पार्थ गौतम मौजूद रहे। पूरा सभागार “भारत माता की जय” और “जय हिंद” के नारों से गूंजता रहा। डिलीवरी राइडर्स की मौजूदगी में हुए कार्यक्रम में समाजसेवा, राष्ट्रभावना और संवेदनाओं का भी संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में पार्थ गौतम ने कहा कि वास्तविक समाज सेवा लोगों के बीच जाकर उनके सुख-दुख में सहभागी बनने से होती है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं लगातार होली, राखी, दीपावली सहित विभिन्न त्योहारों पर हजारों परिवारों तक पहुंचकर 7 वर्षों से सहायता पहुँचाते रहे है। पिछले सात वर्षों से प्रतिवर्ष 20 हजार से अधिक जरूरतमंद लोगों को कंबल व गर्म टोपी का वितरण किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने समाज के सक्षम वर्ग से अपील की कि वे अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में ही पढ़ाएं। रमाडा होटल में हुए कार्यक्रम के दौरान पार्थ गौतम ने डिलीवरी राइडर्स एवं उनके परिवारों के हित में घोषणा की कि सभी पंजीकृत राइडर्स एवं उनके परिवारों को मिशन अस्पताल में निशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। चाहे ऑपरेशन हो या किसी भी प्रकार का उपचार—सभी सुविधाएं मुफ्त प्रदान की जाएंगी।
इसके साथ ही राइडर्स की समस्याओं के समाधान के लिए 24 घंटे सक्रिय विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी करने की घोषणा भी की गई। किसी भी परेशानी की स्थिति में राइडर्स सीधे संपर्क कर सकेंगे और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने एक घायल डिलीवरी राइडर का उल्लेख करते हुए कहा कि निजी अस्पतालों का भारी खर्च गरीब परिवारों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए राइडर्स और उनके परिवारों के लिए विशेष मेडिकल कार्ड योजना शुरू की जा रही है। पार्थ गौतम ने बताया कि पिछले वर्ष रक्षाबंधन पर हजारों बहनों द्वारा राखियां बनवाकर एक नया रिकॉर्ड बनाया गया था और इस वर्ष गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि बरेली में सेवा कार्यों की नई संस्कृति विकसित हो रही है और लोग समझने लगे हैं कि केवल राजनीति ही नहीं बल्कि सेवा के माध्यम से भी जनता के दिलों में स्थान बनाया जा सकता है। उन्होंने नकारात्मक राजनीति करने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि सेवा कार्यों की बराबरी करना आसान नहीं है।
नगर निगम में बीजेपी के महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि समाज सेवा का दिखावा और वास्तविक सेवा में जमीन- आसमान का अंतर होता है। कुछ लोग केवल गाड़ियों और होर्डिंग्स पर “समाजसेवी” लिखवा लेते हैं, लेकिन सच्ची सेवा वही है जो जनता के बीच जाकर की जाए।
उन्होंने कहा कि राजनीति में आने की इच्छा रखने वालों को गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए। मिशन अस्पताल में गरीबों के इलाज के लिए हमेशा दरवाजे खुले हैं और जरूरतमंदों की सहायता ही सबसे बड़ा धर्म है।समारोह के दौरान सभी राइडर्स को हेलमेट एवं ब्रांडेड स्टील की इंसुलेटेड पानी की बोतलें वितरित की गईं। साथ ही फाउंडेशन के 12 केंद्रों पर इन बोतलों में निशुल्क ठंडा पानी भरवाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने कहा कि राइडर्स केवल कर्मचारी नहीं बल्कि समाज के वास्तविक योद्धा हैं। समाज को धर्म, जाति और राजनीति के नाम पर बांटने वालों से जनता को यह सवाल अवश्य पूछना चाहिए कि उन्होंने समाज के लिए क्या कार्य किया है। डॉ. उमेश गौतम ने रक्षाबंधन के दौरान हजारों बहनों द्वारा राखी बांधने एवं कन्या पूजन के भावुक क्षणों को याद करते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग के सम्मान और सहायता के लिए वह लगातार कार्य करते रहेंगे। उन्होंने गरीबों के घरों में टीन लगवाने एवं जरूरत मंदों तक सहायता पहुंचाने जैसे कार्यों का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम के अंत में राइडर्स ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ महापौर डॉ. उमेश गौतम और पार्थ गौतम का आभार व्यक्त किया।
| Advt |




0 Comments