Jaunpur : ​युवक की नृशंस हत्या, ईंट से कुचला गया चेहरा

अतुल जायसवाल @ रामपुर, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के आशापुर–फेरूपुर गांव में वरुणा नदी के किनारे स्थित सरसों के खेत में सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की पहचान सिकरारा थाना क्षेत्र के मेहंदीपुर गांव निवासी बृजेश यादव पुत्र लालचंद यादव के रूप में हुई है जो एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत था। हत्या इतनी बेरहमी से की गई कि मृतक का चेहरा ईंट से कुचला गया था।
ग्रामीणों ने खेत में शव देखा तो तत्काल डायल-100 को सूचना दी। सूचना मिलते ही मड़ियाहूं क्षेत्र के सीओ परमानन्द कुशवाहा, रामपुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया जिसने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए। शव से करीब 50 मीटर की दूरी पर एक बाइक बरामद की गई जिसकी नंबर प्लेट गायब थी। बाइक के पास पांव के निशान, शराब की खाली बोतलें और 4 गिलास भी मिले हैं जिससे हत्या से पहले शराब पार्टी की आशंका जताई जा रही है। मृतक के परिजन भी सूचना पर थाने पहुंचे। परिजन संजीव यादव ने बताया कि बृजेश रविवार को उनकी बाइक लेकर भदोही जिला के तुलसीचक स्थित अपने ननिहाल जाने के लिए निकला था लेकिन वहां नहीं पहुंच सका। इसके बाद उसकी तलाश की जा रही थी।
इस बाबत पूछे जाने पर क्षेत्राधिकारी परमानन्द कुशवाहा ने बताया कि पुलिस को आशापुर क्षेत्र में खेत में युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए एसओजी टीम भी लगा दी गई है। पुलिस हत्या के कारणों, मृतक की अंतिम गतिविधियों और बरामद सामान के आधार पर हर पहलू से जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने का दावा किया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments