Jaunpur News: फसलों व सब्जियों और बागवानी को हीटवेव से बचाने के लिए खेतों में बनाए रखें पर्याप्त नमी: डॉ. सीमा सिंह राणा


 नया सवेरा नेटवर्क

जौनपुर। जिला उद्यान अधिकारी ने अवगत कराया है कि जनपद सहित पूरे प्रदेश में चल रही भीषण लू एवं बढ़ते तापमान का प्रतिकूल असर मानव व पशु-पक्षियों के साथ-साथ बागवानी फसलों एवं सब्जियों की खेती पर भी पड़ रहा है। इस भीषण गर्मी और लू से फसलों को होने वाले नुकसान को न्यूनतम करने तथा किसानों को राहत पहुँचाने के लिए जिला उद्यान अधिकारी डॉ. सीमा सिंह राणा ने अत्यंत महत्वपूर्ण और व्यावहारिक सलाह साझा की है।

प्रमुख तकनीकी दिशा-निर्देश व बचाव के उपाय - शाम के समय हल्की सिंचाई- जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि किसान भाई अपने खेतों और बागों में पर्याप्त नमी बनाए रखें। विशेष रूप से सूर्यास्त के समय (शाम को) ही हल्की सिंचाई अवश्य करें। इससे कड़ी धूप एवं लू से पौधों का स्वास्थ्य खराब नहीं होगा।

पश्चिमी हवाओं से बचाव (विंड ब्रेक) गर्म व शुष्क पश्चिमी हवाओं से फसलों की सुरक्षा के लिए सब्जी उत्पादक किसानों को खेत की पश्चिम दिशा में सरकंडे की बाड़, ग्रीन नेट अथवा घरों में उपयोग हो चुकी पुरानी साड़ियों का एक अवरोध (बाड़) जरूर बनाना चाहिए। इससे फसलों को होने वाला नुकसान काफी हद तक कम हो जाता है। मेड़ों पर वृक्षारोपण- यदि किसान भाई खेतों की मेड़ों पर छोटे फलदार, शोभाकार या इमारती वृक्ष लगाएं, तो इससे गर्म हवाओं से सीधी सुरक्षा मिलने के साथ-साथ पर्यावरण की भी दीर्घकालिक सुरक्षा हो सकेगी।

टपक (ड्रिप) एवं स्प्रिंकलर सिंचाई पर 80 से 90 प्रतिशत तक का भारी अनुदान - जिला उद्यान अधिकारी डॉ. सीमा सिंह राणा ने जानकारी दी कि जिलाधिकारी महोदय के निर्देशानुसार जनपद में जल संचयन और फसलों की सुरक्षा हेतु व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।

उद्यान विभाग द्वारा टपक सिंचाई एवं स्प्रिंकलर सिंचाई की स्थापना पर 80 से 90 प्रतिशत तक का भारी अनुदान दिया जा रहा है। किसान भाई इस तकनीक को अपनाकर बागों, सब्जियों के साथ-साथ कृषि व दलहनी फसलों में भी किसी भी समय बेहद कम पानी में आसानी से सिंचाई कर सकते हैं।

इससे जहाँ पानी और समय की भारी बचत होती है, वहीं किसानों को चिलचिलाती धूप में पारंपरिक नाली विधि से सिंचाई करने के शारीरिक कष्ट से भी मुक्ति मिलती है। सरल प्रक्रिया- विभाग द्वारा किसानों की मांग के अनुसार यह सिस्टम अत्यंत सरल प्रक्रिया के तहत स्थापित कराया जा रहा है। किसान भाई डीबीटी पोर्टल पर पंजीकरण एवं एग्रीमेंट करा सकते हैं, जिसके पश्चात अधिकृत कंपनियों द्वारा खेतों पर सिस्टम स्थापित किया जाएगा। थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन के बाद अनुदान की राशि सीधे कंपनी को भेज दी जाती है।

शहरी क्षेत्रों के लिए अपीलः रूफटॉप गार्डनिंग अपनाएं - डॉ. राणा ने शहरी क्षेत्र के निवासियों से भी अपील करते हुए कहा कि वे अपने घरों की छतों पर रूफटॉप गार्डनिंग को बढ़ावा दें। छतों पर गमलों में शोभाकार पौधे, हरी मिर्च व टमाटर के पौधे लगाएं, जिससे छत पर सीधी धूप नहीं आएगी। छत पर प्लास्टिक की मोटी शीट बिछाकर क्यारी बनाकर धनिया, टमाटर, मिर्च, मूली सहित पत्तेदार सब्जियाँ आसानी से उगाई जा सकती हैं। इससे परिवारों को शुद्ध, रसायनमुक्त ताजी सब्जियाँ मिलेंगी और घर के अंदर छत से आने वाली गर्मी से भी बड़ी निजात मिलेगी। विशेष अपील आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए जिला उद्यान अधिकारी ने सभी जनपदवासियों व कृषकों से अपील की है कि वे वर्षाकाल में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें, जिसके लिए उद्यान विभाग द्वारा नियमानुसार निःशुल्क पौधे भी उपलब्ध कराए जाएंगे।


उमानाथ सिंह हायर सेकेंडरी स्कूल 🎓 CBSE से संबद्ध प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान


माँ गायत्री हार्ट सिटी, जौनपुर |  स्थान: माँ गायत्री हार्ट सिटी, जौनपुर |  📞 संपर्क करें: 9307888197, 9140558338, 8960148448
विज्ञापन

Post a Comment

0 Comments