Jaunpur : ​जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में कई विषयों पर हुआ प्रश्न—उत्तर

जौनपुर। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति 'दिशा' की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद बाबू सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता एवं सह-अध्यक्ष सांसद मछलीशहर प्रिया सरोज एवं सह-अध्यक्ष सीमा द्विवेदी की उपस्थिति में हुई जहां प्रारंभ में उपस्थित समस्त अतिथिगण का स्वागत पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्रम एवं इत्र भेंट करके किया गया।
इस दौरान अध्यक्ष ने जिलापूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि पिछले वित्तीय वर्ष में बनाए गए राशन कार्डों के सापेक्ष राशन वितरण कि सूची जनप्रतिनिधिगण को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी निर्देश दिए कि राशन वितरण में घटतौली की शिकायतें न हों तथा पात्र लाभार्थियों का नाम राशन कार्ड सूची से किसी भी स्थिति में न काटा जाय। जिला प्रोबेशन अधिकारी से "बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ" योजना अंतर्गत आवंटित धनराशि, व्यय, जन जागरूकता अभियान आदि के संदर्भ में जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि कस्तूरबा गांधी विद्यालयों को भी जन जागरूकता कार्यक्रम से जोड़ा जाय। साथ ही अवैध खनन, माइन मित्र पोर्टल के संबंध में जानकारी लेते हुए पोर्टल के प्रचार प्रसार के निर्देश दिए गए। अवैध रूप से पेड़ों की कटाई के प्रकरण में डीएफओ को निर्देश दिया गया कि कोई भी व्यक्ति यदि व्यक्तिगत रूप से अपने जमीन पर पेड़ की कटाई कर रहा है, ऐसे में अनावश्यक रूप से उसे परेशान ना किया जाय।
विधायक शाहगंज ने बताया कि पिलकिछा घाट पर बालू का अवैध खनन किया जा रहा है जिस पर निर्देशित किया गया कि सर्वे कराकर पट्टा खनन क्षेत्र घोषित कराने की कार्यवाही की जाए। पुलिस अधीक्षक को इस संबंध में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। पुलिस अधीक्षक ने आश्वस्त किया कि जांच कर अभियान चलाकर अवैध खनन करने वालों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया जायगा। रेलवे के वरिष्ठ मंडल अभियंता से रेलवे के अंतर्गत चल रही परियोजनाओं की जानकारी ली गयी। तथ्यपरक जानकारी न होने पर समिति द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त की गयी।
विधायक बदलापुर ने बताया कि बदलापुर के श्रीकृष्ण नगर में निर्माणाधीन फ्लाईओवर में सेतु निगम द्वारा अच्छा कार्य किया जा रहा है किंतु रेलवे विभाग द्वारा अपेक्षित सहयोग नहीं किया जा रहा है। इस पर संबंधित उच्च अधिकारियों को पत्र प्रेषित कर अवगत कराने के निर्देश दिए गए। अध्यक्ष ने निर्देशित किया कि जहां पर अंडरपास की जरूरत हो, वहां अंडरपास बनवाने हेतु प्रस्ताव दिये जायं।
इसी क्रम में एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर गलत साइनेज बोर्ड हटवाए जायं। अवैध कट बंद किये जायं तथा दुर्घटना बाहुल्य स्थलों पर रंबल स्ट्रिप्स लगवाए जायं। साथ ही मडियाहू बाईपास, मुंगरा बादशाहपुर बाईपास, आरओबी के प्रस्ताव की जानकारी ली गई। जौनपुर—सुल्तानपुर टोल प्लाजा पर टोल कर्मचारियों द्वारा अशिष्टता की शिकायत पर एनएचएआइ के अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन पर प्रभावी कार्यवाही की जाय तथा लोगों के साथ मृदुल व्यवहार करने के निर्देश दिये गये। साथ ही ब्लैक स्पॉट के पहचान हेतु सर्वे के संबंध में जानकारी लेते हुए सुरक्षात्मक उपाय के बारे में आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान विधायक बदलापुर ने सीएचसी बदलापुर में एक्सरे मशीन की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। जनपद के सभी सामुदायिक केन्द्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर साफ-सफाई कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया। मीरगंज पीएचसी पर बाउंड्रीवाल, डिजीटल एक्सरे मशीन उपलब्ध कराये जाने हेतु निर्देश दिया गया। मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन 3500 से अधिक ओपीडी देखे जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की गयी। अध्यक्ष जी के समक्ष उपस्थित जनप्रतिनिधिगण ने बताया कि प्रायः जेसीज चौराहे पर प्राइवेट बसों के खडे़ होने के वजह से जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है जिसे व्यवस्थित कराने के निर्देश अध्यक्ष जी द्वारा दिये गये। अधिशासी अधिकारी को विद्युत विभाग से समन्वय करते हुए जेसीज चौराहे से वाजिदपुर तक स्ट्रीट लाइट लगाये जाने हेतु निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों की तरफ से समिति को आश्वस्त कराया कि जो भी निर्देश अध्यक्ष द्वारा दिये गये हैं, उनका शत—प्रतिशत पालन कराते हुए अवगत कराया जायेगा।
इस अवसर पर विधायक जफराबाद जगदीश नारायण राय, शाहगंज रमेश सिंह, मड़ियाहूं डा० आर.के. पटेल, मछलीशहर डा0 रागिनी सोनकर, मल्हनी लकी यादव, बदलापुर रमेश चन्द्र मिश्र, केराकत तूफानी सरोज, मुंगराबादशाहपुर पंकज पटेल, एमएलसी बृजेश सिंह, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मनोरमा मौर्य, पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, परियोजना निदेशक के.के. पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ब्लॉक प्रमुखगण उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments