Jaunpur : ​ट्रक ओवरटेक करते समय असंतुलित हुई बाइक, युवक घायल

राकेश शर्मा @ खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के नौली तिराहे के समीप बुधवार को सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार नौली गांव निवासी सोनू (22) पुत्र शैलेश किसी कार्य से बाइक से खेतासराय बाजार आ रहा था। नौली तिराहे के पास वह एक ट्रक को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक महिला को बचाने के प्रयास में उसकी बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में युवक को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर जुटे राहगीरों ने उसे तत्काल पीएचसी सोंधी पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

Post a Comment

0 Comments