Jaunpur : ​मीरगंज पुलिस की मुठभेड़ में शातिर गो-तस्कर घायल, गिरफ्तार

मीरगंज, जौनपुर। स्थानीय थाना पुलिस टीम को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी जब गो-तस्करी में लिप्त एक शातिर वांछित को मुठभेड़ में घायल करते हुये गिरफ्तार कर लिया गया। बदमाश के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह के निर्देश पर जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को थाना मीरगंज पुलिस टीम गोधना बाजार के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा करते हुये सेमरी अण्डरपास पुलिया के पास घेराबन्दी कर दी।
खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर कर दिया। पुलिस की आत्मरक्षात्मक जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मोनू उर्फ बलवन्त बघेल पुत्र अशोक कुमार निवासी रामनगर थाना अखण्डनगर जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई है।

सरायख्वाजा मुठभेड़ का था वांछित
गिरफ्तार बदमाश मोनू 10 फरवरी 2026 को थाना सरायख्वाजा पर दर्ज मुठभेड़ के मामले (मु0अ0सं0 0064/2026) में वांछित चल रहा था। उक्त घटना में पुलिस ने एक अन्य अपराधी को गिरफ्तार किया था, जबकि मोनू मौके से फरार हो गया था।

बरामदगी व आपराधिक इतिहास
अभियुक्त के पास से एक तमंचा 0.315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। मोनू के खिलाफ अम्बेडकरनगर, सुल्तानपुर व जौनपुर जनपदों में पशु क्रूरता अधिनियम व आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

टीम में ये रहे शामिल
इस सफल अभियान में थानाध्यक्ष मीरगंज उ0नि0 प्रशांत सिंह, व0उ0नि0 मुन्नी लाल कन्नौजिया, उ0नि0 सुनील यादव, हे0का0 नरेश वर्मा, हे0का0 राजन यादव, हे0का0 जितेन्द्र यादव, का0 अरविन्द सिंह, का0 रणजीत सिंह एवं का0 रघुराज सिंह शामिल रहे।

Post a Comment

0 Comments