Jaunpur : ​अटल जी की दूरदर्शी सोच ने देश को दिलाई अलग पहचान

Team NSN

राज्यमंत्री दयालु ने विशेष प्रदर्शनी का किया उद्घाटन
जौनपुर। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की 100वीं जयंती पर राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर मिश्र दयालु ने नगरपालिका के टाउन हाल में आयोजित विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अद्वितीय व्यक्तित्व और कृतित्व को नमन किया। प्रदर्शनी में अटल जी के छात्र जीवन से लेकर उनके प्रभावशाली राजनीतिक सफर को क्रमवार ढंग से प्रस्तुत किया गया है। इसमें उनके प्रधानमंत्री कार्यकाल के दौरान लिए गए ऐतिहासिक फैसलों, भारत के विकास और समृद्धि के बड़े प्रयासों को भी रेखांकित किया गया है। प्रदर्शनी में अटल जी की देशभक्ति, सेवा और अदम्य साहस को बखूबी दर्शाया गया है।
राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच ने भारत को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान दिलाई। उनकी विरासत हमें हमेशा मार्गदर्शन देती रहेगी। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए अटल जी से जुड़ी स्मृतियों को ताजा करते हुये कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर 1924 ई. को भारत के मध्य प्रदेश राज्य में स्थित ग्वालियर के शिंदे की छावनी में हुआ था। उनकी प्रारंभिक शिक्षा ग्वालियर में ही हुई थी। उन्होंने विक्टोरिया कॉलेज से स्नातक की उपाधि प्राप्त की और कानपुर के डीएवी कॉलेज से राजनीति विज्ञान में एम.ए किया था। जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने भी अपना संबोधन दिया। कार्यक्रम के उपरांत राज्य मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने अटल बिहारी वाजपेई के साथ कार्य कर चुके अशोक श्रीवास्तव और हरिश्चंद्र सिंह को अंग वस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन नगर उत्तरी के मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा ने किया। इस अवसर पर कृपाशंकर सिंह, ओमप्रकाश सिंह, मनोरमा मौर्य, सुशील मिश्र, पीयूष गुप्ता, रामसूरत मौर्य, आमोद सिंह, अमित श्रीवास्तव, रागिनी सिंह, इंद्रसेन सिंह, कमलेश निषाद, सिद्धार्थ राय, अवनीश यादव आदि उपस्थित रहे।


#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!