नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह के अंतर्गत पुलिस लाइन जौनपुर में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रतिसार निरीक्षक दीन दयाल दीक्षित ने की। इस दौरान योग प्रशिक्षक अर्जुन सिंह एवं सुजाता कुमारी ने पुलिस कर्मियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।
योग सत्र में खड़े होकर किए जाने वाले ताड़ासन, वृक्षासन और पादहस्तासन, बैठकर किए जाने वाले दंडासन, वक्रासन, उत्तान मंडूकासन एवं शशकासन तथा लेटकर किए जाने वाले मकरासन, शलभासन, भुजंगासन और सेतुबंधासन का अभ्यास कराया गया। इसके अलावा कपालभाति, नाड़ी शोधन, भ्रामरी एवं उद्गीत प्राणायाम के साथ ध्यान का भी अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षक अर्जुन सिंह, आयुष विभाग, आयुष्मान आरोग्य मंदिर भूपतपट्टी, जौनपुर ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस कर्मियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया।






